जिलाधिकारी ने तहसील अकबरपुर का किया निरीक्षण, दिये निर्देश

UP LIVE VISION
0

कार्यालयों में पत्रावलियों के रख-रखाव व साफ-सफाई व्यवस्था दुरूस्त रखने के निर्देश

 

कानपुर देहात -: जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आज तहसील अकबरपुर का निरीक्षण कर तहसील परिसर की व्यवस्थाओं, अभिलेखों के रख-रखाव, राजस्व एवं जनसेवा संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न शाखाओं एवं न्यायालयों का भ्रमण कर पत्रावलियों की स्थिति, लंबित प्रकरणों एवं कार्यालयीय कार्यप्रणाली का परीक्षण किया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। जिलाधिकारी ने अभिलेखों के सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित संधारण पर विशेष बल देते हुए निर्देशित किया कि सभी पत्रावलियां श्रेणीबद्ध ढंग से संरक्षित की जाएं, जिससे आवश्यकता पड़ने पर उन्हें तत्काल उपलब्ध कराया जा सके। रिकॉर्ड रूम का निरीक्षण करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक पद्धति से अभिलेख संरक्षण एवं नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा।

निरीक्षण करते जिला अधिकारी कपिल सिंह 
निरीक्षण के दौरान तहसीलदार न्यायालय, नायब तहसीलदार न्यायालय, उप निबन्धक कार्यालय, अभिलेखागार, राजस्व निरीक्षक कार्यालय, जीएसटी कार्यालय, आपूर्ति कार्यालय, खतौनी वितरण का कार्यालय आदि का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। तहसील परिसर की स्वच्छता व्यवस्था का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी ने परिसर को स्वच्छ एवं सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार को प्रतिदिन प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक अनिवार्य जनसुनवाई आयोजित कर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयपालन, जवाबदेही एवं आमजन के प्रति संवेदनशील व्यवहार बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशान अमित कुमार, अपर उपजिलाधिकारी अकबरपुर नीलिमा यादव, उप जिलाधिकारी न्यायिक शिखा संखवार, तहसीलदार पवन कुमार, नायब तहसीलदार एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top