गेल बिहार कॉलोनी के हॉस्टल में सनसनी: बंद कमरे में मिला सीनियर मैनेजर का कई दिन पुराना शव

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0
औरैया - दिबियापुर स्थित गेल बिहार कॉलोनी के हॉस्टल में सोमवार दोपहर उस समय सनसनी फैल गई जब इलेक्ट्रिकल विभाग के एक सीनियर मैनेजर का शव उनके बंद कमरे से बरामद हुआ। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है जो पूरी तरह से डीकंपोज (फूल) चुका था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मिली जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर करीब एक बजे हॉस्टल के आसपास रहने वाले पड़ोसियों को किसी चीज के सड़ने की तेज बदबू आई। अनहोनी की आशंका होने पर स्थानीय लोगों ने तुरंत दिबियापुर पुलिस को मामले की जानकारी दी।
जांच पड़ताल करती पुलिस की टीम
सूचना मिलते ही दिबियापुर थाना प्रभारी सत्यप्रकाश अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुँचे। जब कमरे का दरवाजा खुलवाया गया तो अंदर का नजारा देखकर सबके होश उड़ गए। सीनियर मैनेजर का शव बेड पर पड़ा हुआ था। मृतक की पहचान 45 वर्षीय बाया पीवी रेड्डी रेनाटी (पुत्र नेगी रेड्डी) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से आंध्र प्रदेश के अंतपुर के निवासी थे। वर्तमान में वह गेल (GAIL) के कंप्रेसर स्टेशन में इलेक्ट्रिकल विभाग में सीनियर मैनेजर के पद पर तैनात थे और इसी हॉस्टल में अकेले रह रहे थे। शव की स्थिति को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि उनकी मौत कई दिन पहले ही हो चुकी थी जिसके कारण त्वचा भी शरीर से अलग होने लगी थी। फिलहाल सीनियर मैनेजर की मौत किन परिस्थितियों में हुई यह पूरी तरह साफ नहीं हो सका है। थाना प्रभारी सत्यप्रकाश ने बताया कि मृतक के परिजनों को इस दुखद घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच कर रही है। मौत की असली वजह क्या थी यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगा।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top