📍 शिवली, कानपुर देहात | रिपोर्टर: राहुल मिश्रा, UP Live Vision
शिवली क्षेत्र के मुगरा मजरा जसवंतपुर गांव में रविवार सुबह एक 14 वर्षीय किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी सुरेंद्र राजपूत अपनी बेटी गोल्डी के साथ सुबह खेतों पर खड़ी गेहूं की फसल काटने गए थे। करीब नौ बजे दोनों घर लौटे, जिसके बाद पिता काम के सिलसिले में बाहर चले गए, जबकि मां नौरैया खेड़ा, दादा नगर (कानपुर) स्थित एक नमकीन फैक्ट्री में कार्यरत होने के कारण घर पर मौजूद नहीं थीं।
घर पर मौजूद छोटे भाई-बहनों के बीच ही किशोरी ने घर के अंदर बने जीने की सरियों में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठा लिया। जब 8 वर्षीय भाई प्रशांत ने दरवाजा बंद देखा तो झांककर देखा कि बहन फंदे पर लटकी हुई है। इसके बाद पिता को सूचना दी गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि किशोरी ने संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


