शिवली, कानपुर देहात | रिपोर्टर: राहुल मिश्रा
🚨 हादसे की घटना
शनिवार रात मैथा-रनियां मार्ग पर मैथा स्टेशन के पास एक तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उपचार के लिए कानपुर ले जाते समय रास्ते में ही दोनों की दर्दनाक मौत हो गई।
![]() |
| रोते बिलखते मृतक रवि सिंह के परिजन |
👥 मृतकों की पहचान
ग्राम बलेथा मडौली थाना रूरा निवासी राजू सिंह परिहार का 20 वर्षीय पुत्र रवि सिंह अपने 21 वर्षीय साथी हरिओम (निवासी रनिया) के साथ शनिवार देर शाम बाइक से रनिया जा रहे थे। पेट्रोल पंप के सामने पहुंचते ही सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
🏥 उपचार के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलते ही मैथा चौकी प्रभारी नरेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को एंबुलेंस से सीएचसी शिवली भिजवाया। वहां मौजूद डॉक्टर सनी सिंह यादव ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए दोनों को एलएलआर अस्पताल (हैलट) रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
😢 परिवार में मचा कोहराम
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही रवि सिंह का शव गांव बलेथा पहुंचा, परिवार में कोहराम मच गया। मां विभा, पिता राजू सिंह परिहार, भाई आदित्य व विवेक और बाबा रामविलास परिहार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
👮 पुलिस की कार्रवाई
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि दोनों युवकों की मौत उपचार के दौरान हुई है। कार को कब्जे में ले लिया गया है और तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


