वीरता और स्वाभिमान के प्रतीक महाराणा प्रताप की जयंती धूमधाम से मनाई
सचिन अग्निहोत्री, कानपुर देहात।
महाराणा प्रताप युवा मंडल इंजुआ रामपुर की ओर से शुक्रवार को गांव में वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की जयंती हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में युवाओं और ग्रामीणों ने महाराणा प्रताप के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके शौर्य और राष्ट्रभक्ति को नमन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ हरगोविंद सिंह ने दीप प्रज्वलित कर एवं तिलक लगाकर किया। इसके बाद उपस्थित युवाओं ने महाराणा प्रताप के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित किए। युवा मंडल अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने महाराणा प्रताप के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 9 मई 1540 को मेवाड़ के कुंभलगढ़ में हुआ था। उन्होंने जीवनभर स्वाभिमान और स्वतंत्रता की रक्षा के लिए संघर्ष किया, लेकिन कभी अधीनता स्वीकार नहीं की।
उन्होंने बताया कि महाराणा प्रताप की माता जयवंता बाई बचपन से उन्हें वीरता की कहानियां सुनाती थीं, जिसका गहरा प्रभाव उनके व्यक्तित्व पर पड़ा। महिला मंगल दल की अध्यक्षा अनामिका तिवारी ने कहा कि महाराणा प्रताप की वीरता से मुगल सम्राट अकबर भी प्रभावित था। उन्होंने कहा कि प्रताप सच्चे अर्थों में वीर योद्धा थे। उनके प्रिय घोड़े चेतक की स्वामिभक्ति और साहस भी इतिहास में अमर है।
कार्यक्रम के दौरान गांव में महापुरुषों की स्मृति में प्रवेश द्वार बनाए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया। इसमें महाराणा प्रताप स्मृति द्वार, भगवान परशुराम स्मृति द्वार, स्वतंत्रता सेनानी चंद्रशेखर स्मृति द्वार और रानी लक्ष्मीबाई स्मृति द्वार बनाने पर चर्चा हुई। युवा मंडल अध्यक्ष अभय प्रताप सिंह ने कहा कि प्रशासन से अनुमति प्राप्त कर सभी के सहयोग से इन स्मृति द्वारों का निर्माण कराया जाएगा।
इस मौके पर बृजेंद्र सिंह गौर, अजीत प्रताप सिंह, अंशु सिंह, विपिन सिंह, सत्यम सिंह, शिवम भदौरिया, अनुज सिंह, रिंकू सिंह, राहुल सिंह गौर, राहुल तिवारी, सत्यम शुक्ला, भानु प्रताप सिंह गौर, जितेंद्र सिंह, राजेश सिंह गौर पूर्व प्रधान, रतन प्रताप सिंह भदौरिया, क्षेत्र पंचायत सदस्य अवनीश सिंह, संदीप सिंह, शिव मोहन सिंह, सचिन सिंह, ऋषि सिंह गौर, शिवा शर्मा, अनुष्का सिंह, रिया सिंह, रुनझुन, अनन्या सिंह, चांदनी, साहिल, पंचायत सहायक जगदीश सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।


