कानपुर देहात
जनपद में आगामी 28 जून 2026 रविवार को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा समस्त खंड शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आशीष कुमार पाण्डेय ने बताया कि जिलाधिकारी कपिल सिंह के निर्देशानुसार पल्स पोलियो अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनपद के सभी परिषदीय प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालय 28 जून को प्रातः 8 बजे से सायं 4 बजे तक खुले रहेंगे। संबंधित विद्यालयों में पल्स पोलियो बूथ संचालित करने वाली टीमों के बैठने एवं कार्य करने हेतु आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने निर्देशित किया कि अभियान के दिन विद्यालय स्तर पर जागरूकता रैली निकाली जाए तथा बुलावा टोली के माध्यम से 5 वर्ष से कम आयु के बच्चों को पोलियो बूथ तक लाकर उन्हें पोलियो की खुराक पिलाई जाए।
अभियान को सफल बनाने हेतु विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों, शिक्षामित्रों, अनुदेशकों एवं संबंधित चतुर्थ श्रेणी कार्मिकों से पूर्ण सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की गई है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित किया है कि पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन हेतु निर्धारित कार्यवाही समयबद्ध रूप से सुनिश्चित कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही अथवा उदासीनता पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्यवाही की जाएगी।



