Auraiya। तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को मारी टक्कर, मामा की मौत, महिला व मासूम बच्ची समेत चार गंभीर

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

 औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र में रविवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दिल्ली जा रही एक महिला को बस स्टैंड छोड़ने आ रहे ऑटो को सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में ऑटो में सवार महिला के चचेरे मामा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला, उसकी मासूम बेटी, भाई और ऑटो चालक समेत चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस और एम्बुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर भर्ती कराया, जहां से गंभीर हालत के चलते उन्हें मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।

घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस
जानकारी के अनुसार, फफूंद थाना क्षेत्र के काजीपुर गांव निवासी ब्रजेश कुमार अपनी पत्नी शारदा देवी व बेटी ओजल के साथ दिल्ली में रहकर प्राइवेट नौकरी करते हैं। करीब पांच दिन पहले शारदा देवी अपनी बेटी के साथ मायके आई थीं। रविवार की रात उन्हें वापस दिल्ली जाने के लिए फफूंद से बस पकड़नी थी, जिसके लिए रात का टिकट बुक था।

रात करीब 9:30 बजे शारदा देवी अपने भाई अनिल कुमार और चचेरे मामा छोटे लाल (50) पुत्र अर्जुन सिंह के साथ गांव के ही कल्लू के ऑटो पर सवार होकर फफूंद बस स्टैंड के लिए निकली थीं। जैसे ही ऑटो फफूंद-अछल्दा मार्ग पर हसनपुर गांव के पास पहुंचा, तभी सामने से आ रहे एक अनियंत्रित और तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पलट गया और चीख-पुकार मच गई।
मृतक
इस हादसे में ऑटो सवार छोटे लाल की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं शारदा देवी, उनकी बेटी ओजल, भाई अनिल कुमार और चालक कल्लू गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत सीएचसी दिबियापुर भिजवाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उच्च संस्थान के लिए रेफर कर दिया।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक छोटे लाल अपने पीछे चार पुत्र और एक पुत्री का रोता-बिलखता परिवार छोड़ गए हैं। इस संबंध में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि घायलों को अस्पताल पहुंचा दिया गया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश की जा रही है।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top