पुलिस लाइन में गूंजे फाग और होली के रंग:सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ मनाई हर्षोल्लासपूर्ण होली

UP LIVE VISION
0

UP LIVE VISION DESK/SACHIN AGNIHOTRI 

कानपुर देहात-: वामा सारथी के अंतर्गत पुलिस लाईन में एक भव्य और रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह आयोजन पुलिस अधीक्षक महोदया श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय तथा जनपदीय अध्यक्षा वामा सारथी, श्रीमती सुरभि पाण्डेय की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ।

होली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में आयोजित इस समारोह का मुख्य उद्देश्य पारंपरिक और पर्यावरण-अनुकूल होली को बढ़ावा देना तथा पुलिस परिवार के सदस्यों को एक मंच पर लाकर आपसी सौहार्द को मजबूत करना है।

कार्यक्रम की शुरुआत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। प्रतिभागियों ने मधुर होली गीत और पारंपरिक फाग गाकर वातावरण को भक्ति रस और उल्लास से सराबोर कर दिया। इसके बाद प्रस्तुत किए गए लोकनृत्यों में कलाकारों ने जोश और उमंग का ऐसा संचार किया कि वहां उपस्थित सभी दर्शक झूमने पर मजबूर हो गए।


कार्यक्रम की एक और प्रमुख आकर्षण रंगोली और चित्रकला प्रतियोगिता रही। महिलाओं और बच्चों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए होली के विविध रंगों को कैनवास और जमीन पर उतारा। उनकी बनाई रंगोलियों और चित्रों ने पर्व की रंगत को और अधिक बढ़ा दिया।

इस अवसर पर ईकोफ्रेंडली एवं हर्बल होली पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक महोदया ने उपस्थित जनसमूह को रासायनिक रंगों के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए प्राकृतिक और हर्बल रंगों से होली खेलने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की होली न केवल हमारी संस्कृति का हिस्सा है, बल्कि पर्यावरण और स्वास्थ्य के लिए भी लाभदायक है।

इस आयोजन में पुलिस परिवार की महिलाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। सभी ने मिलकर एक-दूसरे को गुलाल लगाकर और मिठाइयाँ खिलाकर होली की शुभकामनाएं दीं। यह कार्यक्रम वामा सारथी की महिला सशक्तिकरण और सामुदायिक एकता को बढ़ावा देने की दिशा में एक सफल प्रयास साबित हुआ।


कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक महोदया ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं एवं बच्चों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वामा सारथी की यह पहल न केवल पुलिस परिवार की महिलाओं को एक मंच प्रदान करती है, बल्कि उनकी छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने का भी कार्य कर रही है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top