— UP Live Vision 24×7 (@uplivevision) March 1, 2026
कानपुर देहात।जनपद में अपराध नियंत्रण के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना मंगलपुर पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए आभूषण बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, 27 फरवरी 2026 को ग्राम मकनियापुर निवासी जीतू पुत्र रामप्रकाश की तहरीर पर थाना मंगलपुर में मु0अ0सं0 55/2026 धारा 331(4)/305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान 01 मार्च 2026 को करीब 03:00 बजे कस्बा झींझक में सहकारी संघ के पास पीपल के पेड़ के नीचे से अभियुक्त अर्पित कुमार (18 वर्ष) और रिषभ (18 वर्ष), दोनों निवासी मकनियापुर, को गिरफ्तार किया गया। उनके साथ एक किशोर को भी अभिरक्षा में लिया गया।
पुलिस ने आरोपियों के पास से 01 कमर पेटी (सफेद धातु), 01 अंगूठी (पीली धातु), 01 कान की बाली, 01 मंगलसूत्र, 01 चेन, 02 जोड़ी पायल (बड़ी व छोटी), 01 जूड़ा पिन और 01 सिक्का सहित अन्य आभूषण बरामद किए। गिरफ्तारी व बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 02 फरवरी 2026 की रात उन्होंने गांव के ही जीतू के घर में चोरी की थी। कुछ सामान पहले ही बेचकर पैसे खर्च कर दिए थे, शेष सामान बांटने की तैयारी में थे तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने बताया कि अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में प्रस्तुत किया जा रहा है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक उमेश शर्मा (चौकी प्रभारी झींझक) सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। मामले की आगे की जांच जारी है।



