कानपुर देहात। आगामी त्योहारों के मद्देनजर जिले में यातायात व्यवस्था, नो एंट्री जोन के निर्धारण और सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा हेतु जिलाधिकारी कपिल सिंह की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय सहित प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचने के लिए पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं। उन्होंने कहा कि होली के पावन अवसर पर आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। संवेदनशील स्थानों पर यातायात पुलिस की तैनाती बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि त्योहारों के दौरान जिले भर में पुलिस बल को अलर्ट पर रखा जाएगा। मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में ‘नो एंट्री’ जोन घोषित किए जाएंगे, जहां बिना अनुमति वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, फ्लैग मार्च और ड्रोन से निगरानी की भी योजना है।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक, समस्त उप जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारीगण एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे त्योहार शांति व सौहार्द के साथ मनाएं, यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या निकटतम थाने से संपर्क करें।


