दबंगों का तांडव: युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, गिराई निर्माणाधीन दीवार

UP LIVE VISION DESK
0

 🔴 दबंगों का तांडव: युवक पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला, गिराई निर्माणाधीन दीवार


रिपोर्टर: राहुल मिश्रा विशेष संवाददाता

शिवली, कानपुर देहात।
कोतवाली शिवली क्षेत्र में दबंगों द्वारा कानून व्यवस्था को खुली चुनौती देने का मामला सामने आया है। गांव के कुछ अराजकतत्वों ने अनुसूचित जाति के युवक के मकान की निर्माणाधीन दीवार को गिरा दिया। जब युवक ने इसका विरोध किया तो दबंगों ने अपने साथियों के साथ मिलकर उस पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया।

घायल पीड़ित
हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने किसी तरह बचाया। पीड़ित ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ककरदही (बाघपुर) गांव निवासी राजेश कुमार पुत्र तुलसीराम ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि कल्याणपुर-शिवली मुख्य मार्ग पर स्थित ककरदही पेट्रोल पंप के पास उसकी आवासीय भूमि है, जो उसे वर्ष 2007 में ग्राम समाज से मिली थी। इसी जमीन पर गांव के कुछ दबंगों की नजर थी।

राजेश कुमार ने बताया कि 24 अप्रैल की शाम जब वह अपनी निर्माणाधीन बाउंड्री देखने पहुंचा तो गांव के अनिल कुमार, धीरेन्द्र कुमार, धर्मेंद्र कुमार अपने अन्य साथियों के साथ दीवार गिरा रहे थे। विरोध करने पर आरोपियों ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए गाली-गलौज की और कुल्हाड़ी व फावड़े से हमला कर दिया।

हमले में घायल होकर वह मौके पर गिर पड़ा। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया है।

कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपियों की तलाश जारी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top