✍️ रिपोर्टर: सुनील कुशवाहा
स्वच्छता अभियान के दावे धरातल पर फेल
कानपुर देहात।
देश के प्रधानमंत्री Narendra Modi और प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath द्वारा गांव-गांव में स्वच्छता बनाए रखने के उद्देश्य से अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत सुलभ शौचालयों का निर्माण भी कराया गया, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई को बढ़ावा मिल सके।
बीडीओ की लापरवाही, सफाई व्यवस्था ठप
रसूलाबाद ब्लॉक के विजयपुर गांव में इन दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। यहां बीडीओ की लापरवाही के चलते सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सफाई कर्मी अपनी मनमानी पर उतारू हैं और गांव में सफाई करने के लिए पहुंच ही नहीं रहे हैं।
गांव में गंदगी का अंबार, नालियां बजबजा रहीं
गांव की स्थिति बेहद खराब हो चुकी है। खरंजे के ऊपर पानी बह रहा है, जगह-जगह बड़ी-बड़ी घास खड़ी है और नालियों में कूड़ा-करकट बजबजा रहा है। पूरे गांव में गंदगी का माहौल बना हुआ है, जिससे ग्रामीणों का जीना दूभर हो गया है।
शिकायतों के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार उच्च अधिकारियों को अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मामला केवल कागजों तक सीमित रह गया है और जिम्मेदार कर्मचारी अपनी मनमानी करते हुए गांव की ओर रुख नहीं कर रहे हैं।
राहगीरों को कीचड़ से गुजरने की मजबूरी
गांव के रास्तों की हालत इतनी खराब है कि राहगीरों, खासकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ता है। इससे दुर्घटना और बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है।
ग्रामीणों की मांग: तुरंत हो कार्रवाई
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सफाई व्यवस्था को जल्द से जल्द दुरुस्त किया जाए और लापरवाह कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि गांव को गंदगी से निजात मिल सके।



