Published by Sachin Agnihotri
शादी समारोह में पहुंचे, भाजपा पर बोला हमला
अकबरपुर के बारा गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। वह सपा नेता हारुन कुरैशी की बेटी की शादी में शामिल होने आए थे, जहां उन्होंने वर-वधू को आशीर्वाद दिया और पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की।
"चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा"
वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि निर्वाचन आयोग निष्पक्ष तरीके से काम नहीं कर रहा है। उनका कहना था कि आयोग का काम वोट बढ़वाना है, लेकिन वह भाजपा के इशारे पर वोट कटवाने का काम कर रहा है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा पंचायत चुनाव कराने से घबरा रही है।
विदेश नीति और ‘विश्व गुरु’ पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार की विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत के पास विश्व गुरु बनने का अवसर था, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण देश उस मौके से चूक गया। उन्होंने यह भी कहा कि जहां एक ओर पाकिस्तान अपने अंतरराष्ट्रीय संबंध मजबूत कर रहा है, वहीं भारत की स्थिति कमजोर दिख रही है।
महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार पर हमला
महंगाई के मुद्दे पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि रोजमर्रा की चीजें लगातार महंगी होती जा रही हैं। गैस सिलेंडर, खाद और अन्य जरूरी सामान में गड़बड़ी और चोरी के आरोप भी लगाए। उनका कहना था कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है और नौ साल में भी सरकार महंगाई पर काबू नहीं पा सकी।
शंकराचार्य के बयान का जिक्र, भाजपा पर बढ़ा दबाव
अखिलेश यादव ने कहा कि पूज्यनीय शंकराचार्य द्वारा भाजपा की पोल खोलने के बाद पार्टी और ज्यादा घबरा गई है। उन्होंने दावा किया कि समाज अब जागरूक हो रहा है और भाजपा को सबक सिखाने के लिए तैयार है।
किसानों के मुद्दे पर सरकार से मुआवजे की मांग
बेमौसम बारिश से किसानों को हुए नुकसान पर अखिलेश यादव ने सरकार से शत-प्रतिशत मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी किसानों के साथ खड़ी है और उनकी हर संभव मदद करेगी।
नेताओं और कार्यकर्ताओं की रही मौजूदगी
इस मौके पर पूर्व सांसद राजाराम पाल, जिलाध्यक्ष अरुण यादव, शेखू खान, हारुन कुरैशी, प्रमोद यादव, वीरसेन यादव और शमशुद्दीन कुरैशी पप्पू समेत कई सपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


