15 हजार का इनामी गोवध आरोपी गिरफ्तार

UP LIVE VISION DESK
0

 

लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को शिवली पुलिस ने दबोचा, भेजा जेल

संवाददाता : राहुल मिश्रा

शिवली, कानपुर देहात। पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश पर वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवली पुलिस को बुधवार रात बड़ी सफलता हाथ लगी। गोवध निवारण अधिनियम के मामले में लंबे समय से फरार चल रहे 15 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।


जनवरी माह में पकड़ा गया था गोमांस से भरा स्कूटी सवार गिरोह

बताते चलें कि बीते जनवरी माह में शिवली पुलिस ने मोहम्मद जुबेर अंसारी पुत्र मोहम्मद रिजवान निवासी गोरा कब्रिस्तान बेकनगंज कानपुर नगर तथा आसिफ पुत्र शकील निवासी मोहम्मदी अस्पताल के पास रेल पटरी बेकनगंज कानपुर नगर को एक कुंतल गोमांस स्कूटी से ले जाते समय गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया था कि गोमांस बिधूना औरैया से लाकर कानपुर में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था।

आरोपियों ने पूछताछ में कल्लू कुरैशी उर्फ मोहम्मद हसीब, जुनैद तथा अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए थे, जो गोमांस की खरीद-फरोख्त में शामिल थे। पुलिस ने इस मामले में धारा 3/5/8 उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया था।

घटना के बाद से फरार चल रहा था राजू बंजारा

जांच के दौरान मोबाइल नंबर के आधार पर राजू बंजारा पुत्र लालाराम निवासी ग्राम रामपुर रामसहाय थाना अछल्दा जनपद औरैया का नाम प्रकाश में आया था। घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक द्वारा 15 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने दबोचा

कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि मुखबिर खास की सूचना पर पुलिस टीम ने भेवान नहर पुल से केशरी निवादा जाने वाले मार्ग पर करीब 50 मीटर दूरी से आरोपी राजू बंजारा को गिरफ्तार किया।

इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका

इनामी आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक शिवेन्द्र कुमार वर्मा, दीवान मोहित कुमार, आरक्षी अभिषेक एवं महिला आरक्षी ज्योति शामिल रहीं। कोतवाल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top