जमीनी विवाद में युवक का गला कसकर हत्या के प्रयास का आरोपी गिरफ्तार

UP LIVE VISION DESK
0

 

वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस, फरार आरोपी को दबोचकर भेजा जेल

संवाददाता : राहुल मिश्रा

शिवली, कानपुर देहात। जमीनी विवाद को लेकर सरेआम मारपीट एवं अंगौछे से गला कसकर जान से मारने के प्रयास का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वांछित आरोपियों एवं अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत शिवली पुलिस को यह सफलता मिली।


जमीन पर मालिकाना हक को लेकर चल रहा था विवाद

प्राप्त जानकारी के अनुसार कोतवाली मैथा क्षेत्र के ग्राम मांडा निवासी ओम तिवारी उर्फ विद्याशंकर तिवारी पुत्र जवाहर लाल तिवारी ने ग्राम इन्द्रनगर बैरी सवाई स्थित खाता संख्या 1194, आराजी संख्या 1754 रकबा 0.8191 हेक्टेयर भूमि को राजेश कुमार पुत्र दीपराज निवासी केशव नगर, रावतपुर कानपुर नगर से बटाई पर लिया था।

बताया गया कि उक्त भूमि पर ग्राम इन्द्रानगर निवासी हरिशंकर प्रसाद पुत्र स्व. फिरतूराम अपना मालिकाना हक जताता था। इसी को लेकर हरिशंकर द्वारा न्यायालय अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश/त्वरित न्यायालय में सिविल अपील भी दायर की गई थी, जिसे न्यायालय ने निरस्त कर दिया था।

सफाई के दौरान हुआ हमला

पीड़ित ओम तिवारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीते 27 अप्रैल को वह भूमि पर उगी बबूल की झाड़ियों एवं सफाई का कार्य करा रहा था। इसी दौरान हरिशंकर वहां पहुंच गया और गाली-गलौज करते हुए अंगौछे से उसका गला कसकर जमीन पर गिरा दिया तथा मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी दी।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी हरिशंकर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया। जांच एवं साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा मामले में धारा 109(1) बीएनएस की बढ़ोतरी भी की गई।

मुखबिर की सूचना पर आरोपी गिरफ्तार

कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिंह ने बताया कि आरोपी हरिशंकर को मुखबिर की सूचना पर उसके घर के सामने से उस समय गिरफ्तार किया गया, जब वह भागने की फिराक में था। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई के बाद जेल भेज दिया गया है।

आरोपी की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में कोतवाल अमरेन्द्र बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक योगेन्द्र शर्मा, आरक्षी आलोक कुमार तिवारी एवं आरक्षी अरुण कुमार शामिल रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top