कानपुर देहात - जनपद में आज बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा आयोजित की जा रही है। यह परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी, जिसमें लगभग 1405 अभ्यर्थी भाग लेंगे। प्रथम पाली सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी।
परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में तीन परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, अकबरपुर महाविद्यालय, अकबरपुर इंटर कॉलेज और श्री रामस्वरूप ग्रामोद्योग इंटर कॉलेज पुखरायां। परीक्षा व्यवस्था से जुड़े अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी केंद्रों पर परीक्षार्थियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इनमें पेयजल, स्वच्छ शौचालय, बिजली, पंखे और स्वच्छता शामिल हैं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रत्येक केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। नकल रोकने हेतु सीसीटीवी कैमरे और वीडियोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।
परीक्षा केंद्रों की निगरानी के लिए सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी तैनात किए गए हैं। अभ्यर्थियों के सुगम आवागमन और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की शुचिता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। अनुशासनहीनता या नकल जैसी गतिविधियों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सभी अभ्यर्थियों से समय पर अपने परीक्षा केंद्र पहुंचने और परीक्षा संबंधी निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है।

