बच्चों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ाने का माध्यम बन रहा समर कैंप
सचिन अग्निहोत्री /कानपुर देहात। जूनियर विद्यालय सिठमरा में नई शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत आयोजित समर कैंप का शुभारंभ सिठमरा चौकी प्रभारी अनूप कुमार पाण्डेय ने अपने हमराही सुरेन्द्र कुमार एवं अनूप कुमार के साथ फीता काटकर किया। प्रकृति की हरियाली और सकारात्मक वातावरण से समृद्ध विद्यालय परिसर में आयोजित इस समर कैंप में बच्चों के लिए पेंटिंग, डांस, म्यूजिक, कोडिंग एवं आउटडोर खेल जैसी विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
![]() |
| बच्चों और शिक्षकों के साथ फीता काट शुभारंभ करते उप निरीक्षक अनूप पांडे |
समर कैंप से बच्चों का होगा सर्वांगीण विकास
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौकी प्रभारी अनूप कुमार पाण्डेय ने कहा कि समर कैंप बच्चों की रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता को विकसित करने का बेहतर माध्यम है। ऐसे कैंप बच्चों को मोबाइल, वीडियो गेम और टीवी स्क्रीन से दूर रखकर सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ते हैं। उन्होंने बच्चों को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि स्कूल आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी होने पर तत्काल 1090 एवं 112 पर संपर्क करें।
इस अवसर पर चौकी इंचार्ज श्री पाण्डेय ने प्रधानाध्यापक शनेन्द्र सिंह तोमर एवं शिक्षक नवीन कुमार दीक्षित को बुके भेंट कर सम्मानित किया। वहीं बच्चों ने भी मुख्य अतिथि एवं उनके हमराहियों का स्वनिर्मित बुके भेंट कर स्वागत एवं अभिनंदन किया।
छुट्टियों का सदुपयोग सिखा रहा समर कैंप
प्रधानाध्यापक शनेन्द्र सिंह तोमर ने कहा कि समर कैंप बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत उपयोगी अवसर है। इससे बच्चों में आत्मविश्वास, आत्मनिर्भरता और सामाजिक कौशल का विकास होता है। साथ ही यह बच्चों को मोबाइल स्क्रीन से दूर रखकर नई कला एवं कौशल सीखने तथा प्रकृति से जुड़ने का अवसर प्रदान करता है।
बच्चों में बढ़ा आत्मविश्वास
सहायक अध्यापक एवं राज्य अध्यापक पुरस्कार प्राप्त शिक्षक नवीन कुमार दीक्षित ने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अतिथियों के उत्साहवर्धन से बच्चों के आत्मविश्वास में अपार वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि समूह में कार्य करना, संवाद स्थापित करना और मिल-जुलकर रहना बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को नई दिशा देगा।
शिक्षकों ने बताए समर कैंप के लाभ
शिक्षक माया देवी ने कहा कि उत्पादक गतिविधियाँ बच्चों को सकारात्मक रूप से व्यस्त रखती हैं। वहीं शिक्षक गुंजन पाण्डेय ने कहा कि समर कैंप अच्छी आदतों का विकास कर बच्चों को बोरियत से बचाता है।
अनुदेशक प्रियंका यादव ने कहा कि समर कैंप बच्चों को शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


