एसडीएम के आदेश पर शिवली में बेशकीमती भूमि हुई कुर्क

राहुल मिश्रा
0

शिवली कानपुर देहात।

पद एवं सत्ता की हनक में शिवली नगर पंचायत अध्यक्ष ने अपने आधा दर्जन साथियों एवं नगर पंचायत के आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के साथ मिल पूर्व प्रधान की पत्नी की क्रय सुदा प्लाट पर बाउंड्री वॉल तोड़कर जबरन अवैध रूप से कब्जा कर लिया। पीड़ित महिला की शिकायत पर एसडीएम मैथा के आदेश पर विवादित भूमि पर बोर्ड लगा उसे कुर्क कर शिवली कोतवाल को सुपुर्दगी सौंप दी गई है।

         

शिवली पुलिस द्वारा विवादित भूमि पर लगवाया गया कुर्क का बोर्ड


                     शिवली कोतवाली क्षेत्र की ग्राम सभा ढाकन शिवली के मजरा धनऊं नेवादा निवासिनी मधु शर्मा पत्नी स्वर्गीय राघवेंद्र शर्मा द्वारा एसडीएम मैथा सत्यनारायण शुक्ला व पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में कहा गया है कि उसने ग्राम सभा ढाकन शिवली में गाटा संख्या 690 रकबा 168 वर्ग मीटर एवं 84 वर्ग मीटर भूमिका बैनामा 30 जुलाई 2019 एवं 17 दिसंबर 2020 को करवाया था। खरीदी हुई जमीन पर वर्ष 2020 में बाउंड्री वॉल बनवाई गई थी। इसी दौरान उसके पति राघवेंद्र शर्मा कैंसर की बीमारी से ग्रसित हो गए थे जिनका चार वर्षो तक लगातार इलाज चलता रहा तथा उपचार के दौरान ही 12 अक्टूबर 2025 को उनके पति राघवेंद्र शर्मा की मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद वह भी शारीरिक रूप से अस्वस्थ रहने लगी है। इस समय उसका उपचार संजय गांधी अस्पताल में चल रहा है। इसी मौके का फायदा उठाकर गुरुवार की रात शिवली नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश कुमार शुक्ला मुन्नू ने अपने आधा दर्जन साथियों एवं नगर पंचायत के कुछ आउटसोर्सिंग कर्मचारी के साथ मिलकर उसकी खरीदी हुई जमीन पर बनी बाउंड्री वॉल को तोड़कर जबरन कब्जा करने की कोशिश की है। शिकायती पत्र को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम मैथा के आदेश पर राजस्व कर्मियों द्वारा शिवली कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह की मौजूदगी में विवादित स्थल की जांच कर उसे कुर्क कर पुलिस को सुपुर्दगी सौंप दी गई है।

कोतवाल ने बताया कि विवादित स्थल पर बोर्ड लगा उसे कुर्क करते हुए उसे कब्जे में ले लिया गया है। अग्रिम आदेश मिलने तक यथास्थिति बरकरार रखी जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top