कानपुर देहात - जनपद में मंगलपुर थाना क्षेत्र के जिगनापुरवा गांव के नजदीक सेंगुर नदी में रविवार को एक युवती का शव पड़ा हुआ मिला। शव मिलने की जानकारी पर पहुंची थाना पुलिस ने फोरेंसिक टीम के साथ मौके से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी। युवती का शव निर्वस्त्र अवस्था में मिलने से रहस्य और गहरा गया है। शव कई दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। वहीं युवती की पहचान न होने से मामला और उलझ गया है।
रविवार दोपहर ग्रामीणों ने मंगलपुर थाने में सूचना देकर बताया कि पीपलकुंड के सामने सेंगुर नदी में एक युवती का शव पानी में पड़ा हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से शव को नदी से बाहर निकलवाया गया। मौके पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
घटनास्थल पर तफ्तीश करती पुलिस और जुटी ग्रामीणों की भीड़
पुलिस के अनुसार युवती की उम्र लगभग 25 वर्ष के आसपास प्रतीत हो रही है। प्रारंभिक जांच में शव करीब चार से पांच दिन पुराना होने की आशंका है। शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के ग्रामीणों को बुलाया गया, लेकिन देर शाम तक समाचार लिखे जाने तक युवती की पहचान नहीं हो सकी।
मंगलपुर थाना प्रभारी महेश दुबे ने बताया कि युवती के शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था, केवल हाथों की बाजू में कुछ कपड़ा फंसा हुआ मिला है। ऐसे में मौत के कारणों और परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का राजफाश हो सकेगा। फिलहाल पहचान कराने के प्रयास जारी हैं और मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है।

