कानपुर देहात। पुलिस की बड़ी कामयाबी, अंतरजनपदीय चोरी एवं नकबजनी गिरोह का भंडाफोड़; तीन शातिर गिरफ्तार

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0

अंतरजनपदीय चोरी गिरोह का भंडाफोड़, तीन शातिर चोर गिरफ्तार

कानपुर देहात -  पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अंतरजनपदीय संगठित चोरी एवं नकबजनी गिरोह का पर्दाफाश कर तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की नकदी, लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, चोरी की मोटरसाइकिल, अवैध असलहे तथा चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किया है। थाना भोगनीपुर, थाना अकबरपुर पुलिस तथा एसओजी टीम द्वारा संयुक्त कार्रवाई की गई।

जानकारी साझा करती पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पांडेय

पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 25 जून को मोहम्मदपुर गांव के पास चेकिंग के दौरान पुलिस को सूचना मिली कि तीन शातिर चोर एक काले रंग की पैशन प्रो मोटरसाइकिल से मूसानगर-मलासा रोड की ओर से आ रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें सक्रिय हुई और सूचना के आधार पर पुलिस ने अकबरनगर मोड़ के पास घेराबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की।

पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तीनों को गिरफ्तार कर लिया । पुलिस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपियों में चांदबाबू पुत्र सरवर, निवासी भगवंतपुर, थाना घाटमपुर, कानपुर नगर, उमर पुत्र अल्लारक्खू, निवासी मलिकपुर, थाना जहांनाबाद, फतेहपुर, अरवाज उर्फ राजा पुत्र निसार, निवासी निबियाखेड़ा, थाना सजेती, कानपुर नगर शामिल है

कई जिलों में करते थे चोरी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक संगठित गिरोह के रूप में कानपुर देहात, कानपुर नगर, फतेहपुर और औरैया समेत आसपास के जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह पहले दिन में बंद या सुनसान मकानों की रेकी करता था और रात में मौका पाकर चोरी कर लेता था।

पकड़े गए आरोपियों से बरामद समान 
आरोपियों ने कानपुर देहात के पिलखिनी, नरायनपुर, चौकी, आलमचन्द्रपुर, विवाइन तथा घाटमपुर क्षेत्र के रामसारी गांव में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने की बात स्वीकार की है।

पुलिस पर फायरिंग का मुकदमा दर्ज

गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग करने के मामले में थाना भोगनीपुर में अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस की धारा 109(1) एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

मुख्य आरोपी पर दर्ज हैं कई मुकदमे

गिरोह के सरगना चांदबाबू पर चोरी, नकबजनी, आर्म्स एक्ट एवं अन्य अपराधों के लगभग 18 मुकदमे दर्ज हैं। वहीं उमर और अरवाज उर्फ राजा के विरुद्ध भी कई आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं।

पुलिस टीम को मिली सफलता

इस कार्रवाई में थाना भोगनीपुर, थाना अकबरपुर तथा एसओजी टीम के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने इसे जनपद में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता बताया है।


एक अच्छा काम हुआ है जिसमें थाना अकबरपुर, थाना भोगनीपुर और एसओजी की संयुक्त टीम द्वारा कुछ चोर पकडे गये हैं, नकबजन है ये, जो लगातार कानपुर देहात के भोगनीपुर, अकबरपुर और एक घाटमपुर की टोटल 6 चोरियां हाल में इन्होंने करी हैं और इनकी क्रिमिनल हिस्ट्री भी अच्छी खासी है जिसमें कि एक जो अभियुक्त है चाँद बाबू उस पर 18 टोटल मुकदमे हैं। उमर पुत्र अल्लाह रक्खू इस पर 7 मुकदमे हैं और अरवाज पुत्र निशाद इस पर भी 6/7 मुकदमे हैं। ये नकबजन हैं जो लगातार चोरियां कर रहे थे और हमारे यहाँ भी इन्होंने घटना की और एक घटना घाटमपुर में की जिसका खुलासा हुआ है तो इसके 3 सदस्यों को हमने पकडा है अब ये कुछ और भी सदस्य हैं जिनके इन्होंने नाम बतायें है वो अभी फरार हैं, उनके लिये भी हम लोग लगातार कोशिक कर रहे हैं, उनको भी हम लोग जल्द ही अरेस्ट करेंगे। इनके पास से बरामद हुए हैं कुछ जेवरात जो इन्होंने मंगलसूत्र, झुमके, पायल, अंगूठी चोरी किये होंगे, जिसकी कुल अनुमानित लागत करीब 9 लाख रुपये है और 1 लाख 18 हजार 200 रुपये कैश इनके पास से मिले और एक पैशन प्रो ब्लैक कलर की बाइक मिली है जो लगभग 60 हजार रुपये की हो सकती है। इसके अलावा 02 देशी तमंचे 315 बोर के और एक खोखा कारतूस 03 जिन्दा कारतूस भी इनके पास से मिले हैं और इसमें सब्बल, लोहा ये सारे जो चीजें ये नकबजनी के लिये इस्तेमाल करते हैं इन सब चीजों का भी खुलासा हुआ है। इनके ऊपर इस घटना के बाद डीआईजी सर ने भी इसमें इनाम घोषित किया है जिसके बारे में हम लोग उत्साह का विषय है कि सर ने इनाम घोषित किया है। लगातार इनके जो साथी गये हैं या कुछ और अन्य तथ्य होंगे तो इनके ऊपर भी हमारी टीम लगी हुई है। ये कल रात सुबह की ही घटना है इसमें और अब कुछ तथ्य सामने आयेंगे उससे आप लोगों को पुनः अवगत कराया जायेगा - श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात,
 

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top