कानपुर देहात - जनपद में जमीन की पैमाइश के नाम पर 10 हजार रुपये की रिश्वत लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो सामने आने के बाद तहसील प्रशासन ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है।
वायरल वीडियो जनपद कानपुर देहात की रसूलाबाद तहसील में कार्यरत एक लेखपाल से जुड़ा बताया जा रहा है। इसमें एक लेखपाल को किसान से पैमाइश के एवज में पैसे लेते हुए दिखाया गया है। हालांकि ये पैसे लेखपाल ने खुद नहीं लिए बल्कि उनके निजी कर्मचारी ने लिए है।
प्राप्त जानकारी और वायरल वीडियो के अनुसार बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो रसूलाबाद तहसील क्षेत्र के गोपालपुर गांव से जुड़े लेखपाल अजय वर्मा का है। वीडियो में अजय वर्मा एक कार की आगे की सीट पर बैठे दिख रहे हैं, जबकि पीछे की सीट पर उनका निजी कर्मचारी लक्ष्मण किसान से रुपये लेकर गिनता नजर आ रहा है। वीडियो में किसान को काम होने का भरोसा भी दिलाया जा रहा है।
वायरल वीडियो के ही कुछ अंश
मामला संज्ञान में आते ही रसूलाबाद तहसील प्रशासन हरकत में आ गया है। तहसीलदार संतोष कुमार सिंह ने संबंधित लेखपाल को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने बताया कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
रसूलाबाद तहसील में राजस्व विभाग से जुड़े ऐसे मामले पहले भी सामने आते रहे हैं। इससे पूर्व भी सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के मामलों में लापरवाही को लेकर कार्रवाई हो चुकी है। हाल ही में शिकायतों के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर दो लेखपालों को निलंबित भी किया गया था। इस नए वीडियो ने एक बार फिर राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
UP LIVE VISION इस वायरल वीडियो की पुष्टी नहीं करता है

