प्रशांत श्रीवास्तव/कानपुर देहात। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियों के बीच जनपद कानपुर देहात में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र में समाजवादी पार्टी द्वारा एक विशाल बाइक रैली का आयोजन किया गया। पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह गौर के नेतृत्व में निकली यह रैली रूरा कस्बे से प्रारंभ होकर करीब 15 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए अकबरपुर पहुंची। रैली में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने मोटरसाइकिलों के साथ भाग लिया और पूरे जोश के साथ पार्टी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए शक्ति प्रदर्शन किया।
रैली का मुख्य आकर्षण फूलों से सजा बुलडोजर रहा, जिसे समाजवादी पार्टी के नेताओं ने प्रतीकात्मक रूप से प्रस्तुत किया। बुलडोजर का माल्यार्पण किया गया तथा उस पर सवार नेताओं ने कार्यकर्ताओं और आमजन पर फूल बरसाए। रैली के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों ने भी स्वागत किया और कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी को देखते हुए इस आयोजन को क्षेत्र की राजनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
रैली को संबोधित करते हुए पूर्व विधानसभा प्रत्याशी नीरज सिंह गौर ने कहा कि फूलों से सजा बुलडोजर भारतीय जनता पार्टी की "बुलडोजर राजनीति" का प्रतीकात्मक जवाब है। उन्होंने कहा कि यदि सत्ता बुलडोजर का इस्तेमाल लोगों के घर गिराने के लिए करेगी, तो समाजवादी पार्टी उसी बुलडोजर के माध्यम से जनता पर फूल बरसाकर प्रेम, सम्मान और भाईचारे का संदेश देने का कार्य करेगी।
कार्यक्रम में पूर्व एमएलसी दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव सहित समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं पदाधिकारी भी मौजूद रहे। इस दौरान दिलीप सिंह उर्फ कल्लू यादव ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनेगी और अखिलेश यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा कि अकबरपुर रनियां विधानसभा क्षेत्र की जनता इस बार बदलाव का मन बना चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका परिणाम देखने को मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कार्यकर्ताओं से संगठन को और मजबूत करने तथा अधिक से अधिक लोगों तक पार्टी की नीतियों और विचारों को पहुंचाने का आह्वान किया।