![]() |
| घायलों का अस्पताल में इलाज करते डाक्टर |
औरैया : फफूंद में पैसे मांगने पर चाट-सब्जी दुकानदार पिता-पुत्र को पीटा, दो हमलावर को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले किया
7/11/2026 03:50:00 pm
0
औरैया । फफूंद नगर के अछल्दा चौराहे पर शनिवार को पैसे के लेनदेन के विवाद में आधा दर्जन दबंग युवकों ने लाठी-डंडों से हमला कर एक चाट व पुड़ी-सब्जी दुकानदार और उनके पुत्र को लहूलुहान कर दिया। आसपास के दुकानदारों ने भाग रहे दो आरोपियों को मौके पर ही दबोचकर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल पिता-पुत्र को सीएचसी दिबियापुर भेजा जहां से डॉक्टरों ने उन्हें गंभीर हालत में रेफर कर दिया है।
फफूंद नगर के बाबा का पूर्वा मोहल्ला निवासी अश्वनी पाण्डेय अपने पुत्र आयुष पाण्डेय के साथ अछल्दा चौराहे पर पुड़ी-सब्जी और चाट का ठेला लगाते हैं।
शनिवार सुबह दिबियापुर थाने के ककोर खुर्द निवासी अनुज कुमार (पुत्र गुलाब सिंह) और मोहित उर्फ ऋषभ (पुत्र सुरेन्द्र सिंह) एक बाइक पर सवार होकर दुकान पर आए। पुड़ी-सब्जी खाने के बाद जब अश्वनी ने पैसे मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज और विवाद करने लगे। उस वक्त पड़ोसी दुकानदारों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया था। सुबह के विवाद की रंजिश में दोपहर करीब 12:30 बजे दोनों आरोपी अपने साथ आधा दर्जन अन्य युवकों को लेकर आए। सभी के हाथों में लाठी-डंडे थे। आते ही दबंगों ने दुकान का सारा सामान फेंक दिया और पिता-पुत्र पर जानलेवा हमला कर दिया। जब तक आसपास के लोग दौड़कर आए तब तक दोनों गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर चुके थे। वारदात को अंजाम देकर भाग रहे हमलावरों में से दो युवकों (अनुज और मोहित) को स्थानीय दुकानदारों ने दौड़ाकर पकड़ लिया और उन्हें पुलिस को सौंप दिया। बाकी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पकड़े गए दोनों आरोपियों को भी मेडिकल जांच के लिए भेजा है। इस मामले में थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला पैसों के विवाद का सामने आया है। घायल दुकानदार और उनके बेटे को इलाज व डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेजा गया है। अभी पीड़ित पक्ष की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपियों की भी तलाश की जाएगी।
Tags
अन्य ऐप में शेयर करें



