औरैया । फफूंद नगर के मोहल्ला कटरा स्थित एक स्कूल परिसर में नौवें सर्व समाज सामूहिक विवाह समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस समारोह में पांच जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे समाजवादी पार्टी के विधायक प्रदीप यादव ने नवदम्पतियों को आशीर्वाद देकर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।
सुबह से ही विवाह स्थल पर वर और वधू पक्ष के रिश्तेदारों और परिजनों का आना शुरू हो गया था।
 |
| वर वधु को आशीर्वाद देते विधायक प्रदीप यादव |
बैंड-बाजे की धुन पर धूमधाम से बारात विवाह मंडप पहुंची जहां घराती पक्ष ने बारातियों का गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच जोड़ों ने अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए।समारोह को संबोधित करते हुए सपा विधायक प्रदीप यादव ने कहा कि आज के दौर में फिजूलखर्ची रोकने के लिए सामूहिक विवाह एक बेहतरीन विकल्प है। यह आयोजन समाज को एक नई दिशा देता है। गरीब बेटियों के हाथ पीले करने के लिए समाज को ऐसे कदम लगातार उठाने चाहिए। कार्यक्रम के आयोजक और पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह नायक ने सभी नवविवाहित जोड़ों को गृहस्थी का जरूरी सामान जैसे फ्रिज, कूलर, अलमारी, बेड, टीवी, मेज और कुर्सी आदि भेंट स्वरूप दिए। विद्यालय के प्रधानाचार्य सुधीर त्रिपाठी ने भी मंच से वर-वधू को शुभकामनाएं दीं।
 |
| विधायक प्रदीप यादव का स्वागत करते पूर्व राज्य मंत्री अतर सिंह नायक |
इस सामूहिक विवाह समारोह में निम्नलिखित जोड़ों ने अग्नि के समक्ष सात फेरे लिए:
1-विजय संग ज्योति: रामनगर कुआपुरा (इटावा) निवासी सुरेश के पुत्र विजय का विवाह हारामऊ (कानपुर देहात) निवासी धनीराम की पुत्री कु० ज्योति के साथ हुआ।
2-रवि कुमार संग पूजा: जमतापुर (कानपुर देहात) निवासी सुरेश सिंह के पुत्र रवि कुमार ने प्रतापपुर उसरारी (औरैया) निवासी म्याप्रसाद की पुत्री कु० पूजा के साथ फेरे लिए।
3-सत्य भान सिंह संग जूली: रानीपुरा (मैनपुरी) निवासी तूफान सिंह के पुत्र सत्य भान सिंह का विवाह नरैनी भरथना (इटावा) निवासी आधार सिंह की पुत्री कु० जूली संग सम्पन्न हुआ।
4-कृष्ण संग अर्चना: लक्ष्मनपुर (औरैया) निवासी प्रीतम सिंह के पुत्र कृष्ण का विवाह सिथरा (कानपुर देहात) निवासी जगदीश की पुत्री कु० अर्चना के साथ हुआ।
5-मुकेश संग उजाला: बेड़ामऊ (कानपुर) निवासी हरभजन के पुत्र मुकेश का विवाह रामपुर (औरैया) निवासी वीरेंद्र सिंह की पुत्री कु० उजाला के साथ सम्पन्न हुआ।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में प्रवीन राठौर, पूर्व प्रधान बच्चन सिंह और बबलू नायक सहित कई समाजसेवियों ने अपना महत्वपूर्ण सहयोग दिया। परिजनों ने हर्ष और उल्लास के साथ नवदम्पतियों को विदा किया। इस मौके पर आकृति त्रिपाठी, शिक्षक गिरीश चंद्र दुबे, धर्म पाल सिंह शर्मा, रजनीश दुवे, यदुवीर सिंह, ईश्वर दयाल, कौशलेन्द,हरी नारायण, पुष्पेन्द यादव,अशोक कुमार, शिव शर्मा, कुलदीप अवस्थी आदि ने चाक चौवन्द व्यवस्था बनाये रखी ।