औरैया। राष्ट्रीय चिकित्सा दिवस के अवसर पर समाजसेवी संगठन 'एक विचित्र पहल सेवा समिति (रजि.)' द्वारा एक 'अनोखी पहल' का शानदार शुभारंभ किया गया। इस मानवीय अभियान के तहत संस्था के पदाधिकारियों ने 50 बिस्तर वाले जिला अस्पताल औरैया में भर्ती सभी मरीजों, महिलाओं और बच्चों को फल एवं खाद्य सामग्री वितरित की। समिति के इस सेवा कार्य की स्थानीय लोगों और मरीज के परिजनों ने जमकर सराहना की है।
रोज सुबह मिलेगा मुफ्त जलपान
'अनोखी पहल' के आयोजकों ने बताया कि अब से प्रतिदिन सुबह 7 बजे अस्पताल में भर्ती मरीजों को चाय, दूध, बिस्किट और ब्रेड सहित पौष्टिक जलपान कराया जाएगा।
 |
|
ताकि सुबह के समय मरीजों को भोजन या नाश्ते के लिए परेशान न होना पड़े।
डॉक्टर सोनी निवास पर निशुल्क जांच व परामर्श
योजना के तहत स्वास्थ्य लाभ पहुंचाने के लिए एक और बड़ा कदम उठाया गया है। अटल आश्रय गृह औरैया के सामने स्थित डॉक्टर सोनी निवास पर प्रतिदिन सुबह 8 बजे से 10 बजे तक निशुल्क चिकित्सा शिविर लगेगा। यहाँ आम जनता के लिए ब्लड प्रेशर (बीपी), मधुमेह (डायबिटीज) और ब्लड शुगर जैसी गंभीर बीमारियों की जांच पूरी तरह मुफ्त की जाएगी। संस्था के संस्थापक आनंदनाथ गुप्ता (एडवोकेट) ने आम जनता और जरूरतमंद लोगों से इस 2 घंटे की निशुल्क सेवा और डॉक्टर परामर्श का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।
धरातल पर उतर कर होगी मरीजों की सेवा
कार्यक्रम के मुख्य संयोजक व जिला चिकित्सालय उरई से सेवानिवृत प्रभारी अधिकारी (फार्मेसी) डॉक्टर शिव कुमार सोनी ने कहा कि मरीजों की सेवा अब केवल दावों में नहीं, बल्कि धरातल पर उतर कर की जाएगी। वहीं संस्था के अध्यक्ष राजीव पोरवाल (रानू) ने बताया कि यह पूरी योजना शुद्ध रूप से जनहित और परोपकार के लिए संचालित की जा रही है।
चिकित्सक हुए सम्मानित
योजना के शुभारंभ के अवसर पर समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाले डॉक्टरों को सम्मानित किया गया।
 |
|
सम्मानित होने वालों में डॉक्टर शिवकुमार सोनी, डॉक्टर आर्य प्रबुद्ध, डॉ. सीमा अग्रवाल, डॉक्टर अवधेश कटियार, डॉक्टर मंजू सचान और डॉक्टर विशाल अग्निहोत्री शामिल रहे। इसके साथ ही जिला अस्पताल के फ्रंटलाइन वर्कर जैसे एंबुलेंस चालकों, स्टाफ नर्सों, सुरक्षा कर्मियों, सफाई कर्मियों और अन्य कर्मचारियों को भी फल व खाद्य सामग्री देकर उनके काम को सराहा गया।इस सेवामयी आयोजन में समिति के संरक्षक भगवान पोरवाल, किरण सोनी, रामाआसरे गुप्ता, सचिन कुमार पोरवाल, हिमांशु दुबे, हरिओम और सतीश पोरवाल सहित क्षेत्र के कई प्रमुख लोग मुख्य रूप से उपस्थित रहे।