राजपुर (कानपुर देहात)। जनपद के राजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक बड़ा हादसा उस समय टल गया, जब बच्चों से भरी एक निजी स्कूली वैन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसे में वैन में सवार 19 स्कूली बच्चे घायल हो गए। राहत की बात यह रही कि किसी भी बच्चे को गंभीर चोट नहीं आई।
जानकारी के अनुसार, राजपुर स्थित न्यू लाइट एजुकेशन सेंटर की निजी वैन प्रतिदिन की तरह जैनपुर-सिकंदरा मार्ग से बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। जैसे ही वैन जैनपुर गांव के पास पहुंची, चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वैन अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया।
![]() |
| हादसे के बाद खड्ड में पलटा स्कूली वाहन |
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे और बिना समय गंवाए वैन में फंसे बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता के चलते सभी बच्चों को समय रहते बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
घायल बच्चों को स्थानीय लोगों ने निजी वाहनों एवं एंबुलेंस की सहायता से तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, राजपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। अधिकांश बच्चों को हल्की चोटें आई हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
![]() |
| घटना स्थल पर मौजूद ग्रामीण और पुलिस |
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी सूर्य प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वैन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया तथा घायलों को समुचित उपचार दिलाने की व्यवस्था की। हादसे के बाद कुछ समय तक मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा।
प्रारंभिक जांच में दुर्घटना का कारण चालक की लापरवाही और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है तथा मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।



