औरैया : अजीतमल में नहर में मिला 40 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव, फैली सनसनी

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

 

योगेंद्र गुप्ता अजीतमल (औरैया) । कोतवाली अजीतमल क्षेत्र के अंतर्गत अमावता नहर पुल के पास मंगलवार शाम उस समय सनसनी फैल गई जब नहर में एक अज्ञात व्यक्ति का शव तैरता हुआ मिला। शव मिलने की खबर आग की तरह फैल गई और देखते ही देखते मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
चरवाहों ने दी पुलिस को सूचना
जानकारी के मुताबिक मंगलवार शाम करीब चार बजे अमावता नहर के पास कुछ चरवाहे मवेशी चरा रहे थे। इसी दौरान उन्होंने इटावा जनपद की ओर से पानी के बहाव के साथ एक पुरुष का शव बहकर आते देखा। चरवाहों ने बिना देर किए इसकी सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी।
जेब से मिली माचिस और बीड़ी, शिनाख्त की कोशिश जारी
सूचना मिलते ही कोतवाली अजीतमल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को नहर से बाहर निकलवाया। पुलिस द्वारा मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से केवल एक 'रोशनी' ब्रांड की माचिस और पन्नी में लिपटी कुछ बीड़ियां बरामद हुईं। मृतक के पास से कोई भी पहचान पत्र, मोबाइल या ऐसा दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी शिनाख्त हो सके। मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष आंकी जा रही है। शव कई दिन पुराना होने के कारण काफी फूल चुका था, जिससे चेहरा पहचान में नहीं आ रहा है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
घटना की जानकारी मिलते ही निरीक्षक अपराध रामचंद्र सिंह ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा भरकर कानूनी कार्रवाई पूरी की और शव को एम्बुलेंस के जरिए पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अजीतमल पुलिस आसपास के जिलों और थानों से संपर्क साध रही है। हाल के दिनों में दर्ज हुई गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही हैं ताकि मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया जा सके।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top