कानपुर देहात: एक ही रात में तीन नलकूपों को चोरों ने बनाया निशाना, स्टार्टर और केबल समेत हजारों का सामान पार

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0

 रूरा (कानपुर देहात)। जनपद के रूरा थाना क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला थाना क्षेत्र के मझपतियाँ गांव के पास खेतों का है, जहां अज्ञात चोरों ने एक ही रात में तीन किसानों के नलकूपों को निशाना बनाकर स्टार्टर, बिजली की केबल तथा अन्य आवश्यक उपकरण चोरी कर लिए। घटना से क्षेत्र के किसानों में दहशत और आक्रोश व्याप्त है।

जानकारी के अनुसार, किसान रोज की तरह शाम को अपने नलकूप बंद कर घर चले गए थे। सुबह खेतों पर पहुंचने पर नलकूपों के ताले टूटे मिले और स्टार्टर, केबल सहित अन्य सामान गायब था। एक ही रात में तीन नलकूपों में चोरी की वारदात सामने आने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

सांकेतिक तस्वीर                श्रोत: AI 

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से किसानों की चिंता बढ़ गई है। सिंचाई के उपकरण चोरी होने से खेती-किसानी का काम भी प्रभावित हो रहा है। किसानों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top