औरैया । फफूंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशमपुर गांव में सरकारी वाटर कूलर से पानी भरने को लेकर उपजा मामूली विवाद कुछ ही देर में खूनी संघर्ष में बदल गया। दबंगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से लैस होकर एक पीड़ित के घर पर धावा बोल दिया। हमले में सिर पर कुल्हाड़ी लगने से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस सनसनीखेज वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कई नामजद और 15 अज्ञात आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पानी पीने के दौरान हुई थी कहासुनी
केशमपुर निवासी पीड़ित सचिन पुत्र कोमल सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि शनिवार रात करीब 9:30 बजे वह अपने घर के पास लगे सरकारी वाटर कूलर पर पानी पीने गया था। वहां पानी भरने की बात को लेकर कुछ लोगों से उसकी मामूली कहासुनी हो गई। उस वक्त मामला शांत हो गया लेकिन कुछ ही देर बाद आरोपी एकराय होकर आ धमके।
सचिन का आरोप है कि विवाद के बाद कुंवर सिंह, दुष्यंत, अनिल, पप्पू, अंकुश, धर्मे, विजय सिंह, रोहित, आशीष सिंह, शिवम, आदित्य, दीपक, आर्यन और कृष्णा प्रजापति (नाबालिग) अपने साथ करीब 15 अज्ञात लोगों को लेकर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों के साथ उसके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए सचिन पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सचिन के पिता, पत्नी और अन्य परिजनों को भी बेरहमी से पीटा गया। इसी दौरान एक आरोपी ने सचिन के सिर पर कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया जिससे वह लहूलुहान होकर वहीं गिर गया। पीड़ित ने आरोपियों पर अपनी पत्नी के साथ अभद्रता करने और उसके कान व गले से सोने के आभूषण छीनने का भी आरोप लगाया है।
सीएचसी भेजा, आरोपियों की तलाश शुरू
घटना की सूचना मिलते ही फफूंद थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तुरंत एम्बुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर भिजवाया जहां उनका उपचार और डॉक्टरी परीक्षण कराया गया। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि पीड़ित पक्ष की तहरीर पर गाली-गलौज, मारपीट, लूट और जानलेवा हमले की गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है। वायरल वीडियो और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




