औरैया (ब्यूरो)। आपसी मतभेद और मनमुटाव के कारण टूटने की कगार पर पहुंच चुके 16 परिवारों के आंगन में 'प्रोजेक्ट नई किरण' के जरिए एक बार फिर खुशियां लौट आई हैं। पुलिस अधीक्षक औरैया के निर्देशानुसार महिला थाना परिसर में थाना प्रभारी पूजा सिंह राठौर की अध्यक्षता में इस विशेष काउंसिलिंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उन 16 दंपतियों को बुलाया गया था, जो वैचारिक मतभेदों के चलते काफी समय से अलग रह रहे थे। महिला थाना पुलिस और 'प्रोजेक्ट नई किरण' की अनुभवी टीम ने बेहद संवेदनशील रुख अपनाते हुए दोनों पक्षों की समस्याओं को सुना। टीम ने अपनी सूझबूझ, बातचीत और व्यावहारिक समझाइश के माध्यम से पति-पत्नी के बीच चल रहे विवाद और कड़वाहट को पूरी तरह दूर कराया। सफल काउंसिलिंग के बाद सभी 16 जोड़े पुरानी बातों को भुलाकर एक साथ रहने के लिए खुशी-खुशी राजी हो गए। बिखरने से बचे इन परिवारों को पुलिस टीम ने उज्जवल भविष्य की शुभकामनाओं के साथ विदा किया।
महिला थाना पुलिस के अनुसार, 'प्रोजेक्ट नई किरण' का मुख्य उद्देश्य कानूनी मुकदमों से इतर, संवाद और आपसी समझ के जरिए बिखरते परिवारों को फिर से एक सूत्र में बांधना है। इस भावुक और सफल अभियान के दौरान प्रोजेक्ट नई किरण की टीम के सभी सदस्य और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।



