औरैया में रफ्तार का कहर: अज्ञात वाहन की टक्कर से एक ही गांव के तीन दोस्तों की दर्दनाक मौत , होटल से खाना खाकर लौटते समय रठगांव के पास हुआ हादसा , सराय कछवाहा गांव में पसरा मातम

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

खबर अपडेट 

औरैया। बिधूना-एरवाकटरा मार्ग पर रठगांव पेट्रोल पंप के पास बुधवार रात करीब 11:30 बजे एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन दोस्तों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची बिधूना कोतवाली पुलिस ने तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक एक ही गांव के रहने वाले थे जिससे पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

होटल से खाना खाकर लौट रहे थे दोस्त
प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐरवा कटरा थाना क्षेत्र के सराय कछवाहा गांव निवासी छोटे (35 वर्ष) पुत्र सुरेश, हैप्पी (30 वर्ष) पुत्र अहिवरन और मोनू (32 वर्ष) पुत्र प्रमोद आपस में गहरे दोस्त थे। बुधवार की रात तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर किसी काम से बिधूना की तरफ आए थे। परिजनों के मुताबिक संभावना है कि तीनों दोस्त रात में बिधूना के किसी होटल पर खाना खाने आए थे। खाना खाने के बाद जब वे वापस अपने गांव लौट रहे थे तभी रठगांव पेट्रोल पंप के पास यह हादसा हो गया। सामने या पीछे से आए किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। टक्कर मारने के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
अस्पताल पहुंचे परिजनों में मचा कोहराम
हादसे के बाद सड़क पर खून से लथपथ पड़े युवकों को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। बिधूना कोतवाली पुलिस ने बिना वक्त गंवाए एम्बुलेंस की मदद से तीनों को सीएचसी बिधूना भिजवाया लेकिन तब तक उनकी सांसें थम चुकी थीं। डॉक्टरों ने स्वास्थ्य परीक्षण के बाद तीनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही गांव के तीन नवयुवकों की मौत की खबर जैसे ही सराय कछवाहा गांव पहुंची वहां चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में मातम पसर गया। रोते-बिलखते परिजन बदहवास हालत में अस्पताल पहुंचे जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था।
अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस क्षेत्राधिकारी बिधूना पी पुनीत मिश्रा ने बताया कि पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस घटनास्थल के आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दुर्घटना को अंजाम देकर भागने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस ने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top