*क्षतिग्रस्त एवं जलभराव वाले मार्ग पर ग्रामीणों का शांतिपूर्ण सांकेतिक प्रदर्शन, कागज की नाव चलाकर जताया विरोध**
कानपुर देहात
संवाददाता प्रशांत श्रीवास्तव
अंबियापुर, 9 अगस्त 2026।
अंबियापुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले क्षतिग्रस्त एवं जलभराव से जूझ रहे मार्ग की बदहाल स्थिति को लेकर आज 9 अगस्त 2026 को ग्रामीणों ने शांतिपूर्ण, सांकेतिक एवं प्रतीकात्मक विरोध प्रदर्शन किया।
सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धांत सैनी के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जलभराव वाले मार्ग पर कागज की नाव चलाकर शासन-प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर आकर्षित किया। साथ ही हाथों में विभिन्न विरोध संबंधी तख्तियां लेकर मार्ग की दुर्दशा के प्रति अपना रोष व्यक्त किया।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि लंबे समय से मार्ग की स्थिति खराब है और बारिश के दिनों में जलभराव के कारण यह मार्ग तालाब में तब्दील हो जाता है। सड़क पर बने गहरे गड्ढों के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली बच्चों और रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग की बदहाल स्थिति दुर्घटनाओं को भी न्योता दे रही है।ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि अंबियापुर रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाले इस महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग की तत्काल मरम्मत कराकर जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग आसपास के कई गांवों के लोगों के आवागमन का महत्वपूर्ण साधन है, इसलिए इसकी अनदेखी जनहित में उचित नहीं है।इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता सिद्धांत सैनी के नेतृत्व में अनुभव तिवारी, मयंक त्रिवेदी, अवधेश कश्यप, विश्राम सिंह, छोटेलाल कश्यप, विनय त्रिवेदी एवं धर्मेंद्र कठेरिया सहित अन्य ग्रामीण एवं प्रदर्शनकारी उपस्थित रहे।प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि आज का कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण एवं प्रतीकात्मक था। इसके माध्यम से प्रशासन से जनहित में मार्ग की समस्या का शीघ्र समाधान कराने की मांग की गई है।



