औरैया। सहार थाना क्षेत्र के पूर्वा सोमवंशी गांव में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक कलयुगी पिता ने शराब के नशे में अपने ही 15 वर्षीय बेटे रिशू उर्फ ईशू की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने फरार चल रहे आरोपी पिता उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई रस्सी और बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है।
पूजा से लौटे भाई-बहन को मिला शव
पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात 21 सितंबर की है। मृतक रिशू के बड़े भाई नीरज ने बताया कि वह और उसकी बड़ी बहन गांव में ही श्री गणेश पूजा और कीर्तन में गए हुए थे। घर पर उनकी छोटी बहन और छोटा भाई रिशू मौजूद थे। इसी बीच उनका पिता उम्मेद सिंह शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा। रिशू की हरकतों को लेकर मिल रही शिकायतों से नाराज होकर उसने बेटे से मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उम्मेद सिंह ने रिशू को घर के खंभे से रस्सी के सहारे बांधा और बांस के डंडे से तब तक पीटा, जब तक कि उसकी जान नहीं चली गई।
![]() |
| मृतक रिशू की फाइल फोटो |
चारपाई पर शव छोड़कर भागा आरोपी पिता
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पिता घबरा गया और बेटे के शव को घर में बिछी एक चारपाई पर रखकर मौके से फरार हो गया। नीरज की शिकायत के आधार पर सहार थाने में उम्मेद सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया था। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि रिशू द्वारा पैसे चोरी करने की आदतों को लेकर उसका अक्सर झगड़ा होता था, जिसके चलते उसने गुस्से में इस कदम को अंजाम दिया।
पुलिस टीम ने तीन दिनों में दबोचा
फरार आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 सितंबर को दोपहर करीब 3:23 बजे उम्मेद सिंह को गिरफ्तार कर लिया और गुरुवार शाम पांच बजे उसे जेल भेज दिया गया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष गनेश गुप्ता, सब इंस्पेक्टर अरविंद सिंह, सिपाही विचित्र प्रताप सिंह, राकेश चौधरी और रोहित कुमार मुख्य रूप से शामिल रहे ।



