कानपुर देहात -: मंत्री, मत्स्य विभाग, उत्तर प्रदेश एवं जनपद प्रभारी मंत्री डा0 संजय कुमार निषाद जी की अध्यक्षता में आज विकास भवन स्थित सभागार में कानून व्यवस्था एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मा0 मंत्री श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, मा0विधान परिषद सदस्य अविनाश सिंह चौहान, माननीय विधायक रसूलाबाद पूनम शंखवार, मा0 जिलाध्यक्ष भाजपा श्रीमती रेणुका सचान, अन्य मा0 जनप्रतिनिधिगण, जिलाधिकारी कपिल सिंह, पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय, मुख्य विकास अधिकारी विधान जायसवाल, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमित कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व दुष्यंत कुमार मौर्य सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
 |
|
बैठक में मा0 प्रभारी मंत्री द्वारा विद्युत विभाग को विद्युत बिल राहत योजना की जानकारी माननीय जनप्रतिनिधियों को समय पर न उपलब्ध कराने के संबंध में असंतोष व्यक्त किया गया तथा कहा गया कि किसी भी योजना की जानकारी माननीय जनप्रतिनिधियो को समय अन्तर्गत अवश्य दी जाए, जिससे योजना का प्रचार आमजन तक पहुंच सके। माननीय मंत्री द्वारा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। उन्होंने निर्देश दिये कि बिना पूर्व नोटिस दिये विद्युत कनेक्शन का विच्छेदन न किया जाए। साथ ही शासन द्वारा निर्धारित रोस्टर के अनुसार विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने एवं विद्युत से सम्बन्धित समस्याओं का तय समय-सीमा में निस्तारण कराने के निर्देश दिये गये। कृषि विभाग को किसानों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिलाने, खाद व बीज की उपलब्धता केन्द्रों पर सुनिश्चित करने तथा विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक किसानों को लाभान्वित करने के निर्देश दिये गये। मा0 मंत्री जी ने केसीसी, फसल बीमा आदि से सम्बन्धित कैंप आयोजित कराने के निर्देश दिये। स्वास्थ्य विभाग को जिला चिकित्सालय में सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने एवं आने वाले मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य केन्द्रों में स्थित शौचालयों की साफ-सफाई कराने व सभी व्यवस्थाऐं दुरूस्त रखने के निर्देश दिये गये। नगर निकायों को नगरीय क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने, सार्वजनिक शौचालयों एवं मलिन बस्तियों में नियमित स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों, सार्वजनिक भवनों, स्कूलों आदि में रोस्टर के अनुसार नियमित साफ-सफाई कराने के निर्देश दिये गये। मा0 प्रभारी मंत्री द्वारा सभी विभागों को अपने-अपने विभाग से सम्बन्धित योजनाओं का प्रचार-प्रसार पंचायत घरों पर कराने, ग्राम पंचायतों में योजनाओं के पोस्टर लगाने तथा प्रत्येक योजना की पात्रता का स्पष्ट उल्लेख करने के निर्देश दिये गये। वन विभाग को लगाए गए वृक्षों की समुचित देख-रेख, वन क्षेत्र पर अवैध कब्जे संबंधी शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने, जल जीवन मिशन के अन्तर्गत शेष कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने के निर्देश दिये गये।
 |
|
लोक निर्माण विभाग को अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये। मा0 मंत्री जी ने मत्स्य विभाग को योजनाओं के प्रचार-प्रसार एवं पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। मा0 मंत्री जी द्वारा पर्यटन विभाग को जनपद में स्थित दर्शनीय स्थलों को विकसित करने के निर्देश दिये गये। मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि मा0 मुख्यमंत्री जी की मंशानुरूप सुदृढ़ कानून व्यवस्था स्थापित की जाए तथा जनप्रतिनिधियों से समन्वय करते हुए विकास कार्यों को गति दी जाए। पात्र व्यक्तियों को शासन की योजनाओं से जोड़ा जाए और सरकार की योजनाएँ जन-जन तक पहुँचाई जाएँ। उन्होंने सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए विभागीय योजनाओं में प्रगति लाने एवं निर्धारित समयावधि में प्रगति पोर्टल पर अपलोड कराने के निर्देश दिये। अंत में जिलाधिकारी कपिल सिंह ने आश्वस्त किया कि मा0 प्रभारी मंत्री द्वारा दिये गये समस्त निर्देशों का समयान्तर्गत अनुपालन सुनिश्चित कराया जाएगा। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 सिंह, डीएफओ ए0के0 पाण्डेय, डीडीओ सुनील कुमार तिवारी एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी उपस्थित रहे।