कानपुर देहात -: नगर पालिका परिषद झींझक क्षेत्र में भारी वाहनों के अत्यधिक आवागमन को लेकर जनप्रतिनिधियों एवं आमजन से प्राप्त शिकायतों के मद्देनज़र जिला प्रशासन ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कपिल सिंह एवं पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में संबंधित अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि/रा), अपर जिलाधिकारी (न्यायिक), अपर पुलिस अधीक्षक, उप जिलाधिकारी डेरापुर, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन/प्रवर्तन), क्षेत्राधिकारी अकबरपुर/भोगनीपुर/डेरापुर, खान अधिकारी तथा लोक निर्माण विभाग के अवर अभियंता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।.jpeg)
सांकेतिक तस्वीर
बैठक में निर्णय लिया गया कि सिकंदरा-झींझक (बिरहना चौराहा) से रसूलाबाद मार्ग की ओर किसी भी दिशा से जाने वाले भारी वाहन प्रातः 07:00 बजे से रात्रि 10:00 बजे तक प्रतिबंधित रहेंगे। हालांकि यह प्रतिबंध परमिट धारक पैसेंजर वाहनों, आवश्यक वस्तुओं से संबंधित माल वाहनों एवं परिवहन विभाग की बसों पर लागू नहीं होगा।
जिला प्रशासन ने संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने आमजन से सहयोग की अपील की है, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे और दुर्घटनाओं की संभावनाओं को रोका जा सके।

