कानपुर देहात-:होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने थाना सिकन्दरा का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी छोटी-बड़ी घटना की सूचना मिलने पर संबंधित अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई सुनिश्चित करें। अराजक तत्वों और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखने तथा सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों का तत्काल खंडन कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
यातायात व्यवस्था को लेकर प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष प्रबंधन के निर्देश जारी किए गए। मिश्रित आबादी एवं संवेदनशील इलाकों में आवश्यकतानुसार ड्रोन कैमरों से निगरानी की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।
बैठक के बाद पुलिस अधीक्षक ने पुलिस बल के साथ सिकन्दरा क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान व्यापारियों और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही क्षेत्र के शराब दुकानों का औचक निरीक्षण कर विक्रेताओं को शासन द्वारा घोषित ‘ड्राई डे’ का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आदेशों का उल्लंघन करने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने जनपदवासियों से अपील की है कि होली का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी सम्मान के साथ मनाएं तथा किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 या निकटतम थाने से संपर्क करें।