तेज रफ्तार वाहन का कहर: युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

UP LIVE VISION DESK
0

 

घटना के बाद गमगीन माहौल में बैठे परिजन

तेज रफ्तार वाहन का कहर: युवक की दर्दनाक मौत, परिवार में मचा कोहराम

राहुल मिश्रा, शिवली (कानपुर देहात)


ढाबे के पास हुआ हादसा

बुधवार की शाम कल्याणपुर-शिवली मार्ग पर स्थित एक ढाबे के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।


घटना के बाद मची अफरा-तफरी

हादसा होते ही आसपास मौजूद लोग मौके पर दौड़ पड़े और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया।


अस्पताल में हुई मौत

अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टर सुरभि खत्री ने युवक को मृत घोषित कर दिया। इलाज शुरू होने से पहले ही युवक दम तोड़ चुका था, जिससे परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।


मजदूरी कर लौट रहा था युवक

घटना के संबंध में शिवली कस्बे के शिवाजी नगर निवासी प्रदीप कुमार ने बताया कि उसका बड़ा भाई 26 वर्षीय कुलदीप पुत्र सुखदीन मेहनत मजदूरी करता था। बुधवार शाम करीब 8 बजे वह ढाबे से खाना पैक कराकर पैदल घर लौट रहा था। तभी पीछे से आए अनियंत्रित तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी, जिससे वह उछलकर दूर जा गिरा।


परिवार में मचा कोहराम

कुलदीप की मौत की खबर मिलते ही पिता सुखदीन और भाई प्रदीप का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। वहीं घर पर सूचना पहुंचते ही मां उषा, बहन प्रीति और आरती सहित अन्य परिजनों में कोहराम मच गया।


पुलिस कर रही जांच

कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top