पीआरबी पुलिस की तत्परता से घायलों को समय पर मिला उपचार, गंभीर हालत में एक रेफर
संवाददाता : राहुल मिश्रा
शिवली, कानपुर देहात।
कोतवाली क्षेत्र के गहरा चौराहे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में एक ही परिवार के चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दंपति के साथ उनके दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पीआरबी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सभी को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को कानपुर के हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
![]() |
| घायल का उपचार करते डॉक्टर |
हादसे के बाद दूसरी बाइक का चालक मौके पर ही बाइक छोड़कर फरार हो गया, जबकि अमित वर्मा, उनकी पत्नी और दोनों बच्चे सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
45 मिनट तक नहीं पहुंची एंबुलेंस, पीआरबी जवानों ने दिखाई मानवता
घटना की सूचना मिलते ही पीआरबी 8947 में तैनात जवान रोहित कुमार और शेषनारायण मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने तुरंत 108 एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन करीब 45 मिनट तक एंबुलेंस घटनास्थल पर नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पीआरबी जवानों ने मानवता और तत्परता का परिचय देते हुए फर्स्ट स्टेज किट से प्राथमिक सहायता दी और सभी घायलों को अपनी गाड़ी से ही शिवली सीएचसी पहुंचाया।
पीआरबी जवानों की इस तत्परता की क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है। ग्रामीणों और राहगीरों ने पुलिस के मानवीय कार्य की प्रशंसा की।
गंभीर हालत में अमित वर्मा कानपुर रेफर
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवली में मौजूद डॉक्टर अंकिता ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। जांच के दौरान अमित वर्मा की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उन्हें बेहतर उपचार के लिए कानपुर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया गया।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सभी घायलों का उपचार कराया गया है। गंभीर रूप से घायल बाइक चालक को रेफर किया गया है। मामले में तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


