औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव लालपुर में पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव के चलते एक 28 वर्षीय युवक ने रविवार देर रात कथित तौर पर अपनी जान दे दी। सोमवार सुबह घटना की जानकारी होने पर इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर प्रताड़ना और मारपीट का आरोप लगाया है।
 |
| मृतक युवक की फाइल फोटो |
मिली जानकारी के अनुसार फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम लालपुर निवासी पवन नाथ (28) पुत्र मैनू नाथ मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। वह अपनी पत्नी बबली देवी और दो बेटों के साथ एक अलग कच्चे मकान में रहता था। सोमवार सुबह पड़ोसियों द्वारा घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और ग्रामीण मौके पर जमा हो गए परिजनों के अनुसार करीब 15 दिन पहले पवन और उसकी पत्नी बबली के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद बबली अपने छोटे बेटे को साथ लेकर अपने मायके चली गई थी। तब से पवन घर में अकेला रह रहा था। मृतक के बड़े भाई सुनील ने आरोप लगाया कि विवाद के दौरान ससुराल पक्ष के लोगों ने पवन के साथ अभद्रता और मारपीट की थी। परिजनों का दावा है कि मायके पहुंचने के बाद पत्नी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और दूसरे बेटे को भी ले जाने का दबाव बना रही थी। इन्हीं परिस्थितियों के कारण पवन पिछले कुछ समय से गहरे मानसिक तनाव में बताया जा रहा था। पवन की मृत्यु के बाद से उसकी मां और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
 |
| घटनास्थल पर जांच पड़ताल करती पुलिस |
थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि सोमवार सुबह सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।