शिवली कानपुर देहात।
दो दिन पूर्व शिवली बस स्टॉप पर पवन तनय होटल के पास पड़ के नीचे मिले अज्ञात युवक के शव की हुई शिनाख्त। अपनी मौसी की पुत्री की शादी में शामिल होने आया था युवक। बारात विदा होने के पश्चात 24 जून को संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी उसकी मौत। पुलिस ने अज्ञात में पंचनामा भर शव भेजा था मोर्चरी हाउस।
पुलिस को मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के हथिका गांव निवासी 35 वर्षीय जय किशन गौतम खेती किसानी कर अपनी पत्नी नीलम, पुत्र आकाश व सत्यम का भरण पोषण करता था। 23 जून को ग्राम रानी निवादा थाना शिवराजपुर कानपुर नगर निवासी उसकी मौसी सुरजाना की पुत्री की शादी नगर पंचायत शिवली गेस्ट हाउस से थी जिसमें शामिल होने के लिए जयकिशन आया था। पूरी रात वह शादी समारोह में रहा। 24 जून को सुबह करीब 10 बजे बारात विदा हो जाने के पश्चात घर के लोग भी कुछ देर बाद गेस्ट हाउस खाली करके चले गए थे। दोपहर करीब 3 बजे जय किशन शिवली बस स्टॉप पर स्थित पवन तनय होटल के पास बरगद के चबूतरे पर पहुंचा था जहां कुछ देर में ही वह अचेत होकर गिर गया था। मौके पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी शिवली लेकर गई थी जहां मौजूद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था।
कोतवाल अमरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान हो गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



