Kanpur Dehat News। मोडिफाई साइलेंसर, हूटर और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, 474 वाहनों के चालान

सचिन अग्निहोत्री / एडिटर
0

 

कार्रवाई करती पुलिस टीम

विशेष अभियान में 31.73 लाख रुपये का शमन शुल्क वसूला, यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई

कानपुर देहात - जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से यातायात पुलिस एवं थाना पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई।

यह अभियान अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, उत्तर प्रदेश के निर्देशों तथा पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय के निर्देशन में संचालित किया गया। क्षेत्राधिकारीगण ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पुलिस बल के साथ 31 मई की रात्रि 8 बजे से 11 बजे तक सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया।


चेकिंग के दौरान संदिग्ध वाहनों को रोककर उनके साइलेंसर, हॉर्न एवं नम्बर प्लेट की जांच की गई। साथ ही ब्रीथ एनालाइजर के माध्यम से चालकों की शराब सेवन संबंधी जांच भी की गई।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले 474 वाहनों का चालान किया गया। इसके साथ ही उल्लंघनकर्ताओं से 31 लाख 73 हजार 500 रुपये का शमन शुल्क वसूलते हुए वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस ने मोडिफाई साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर, फाल्टी नम्बर प्लेट और नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की।

पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी ऐसे आकस्मिक अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे।

जनपद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं और दूसरों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा यातायात नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top