औरैया में शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ ने खोला मोर्चा: भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ DIOS को सौंपा 5 सूत्रीय ज्ञापन

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

औरैया (ब्यूरो)। जनपद में शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों की समस्याओं को लेकर 'शिक्षणेत्तर कर्मचारी महासंघ के प्रांतीय व जनपदीय पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) औरैया से मुलाकात कर एक पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान कर्मचारियों ने विभाग में व्याप्त अव्यवस्थाओं और आउटसोर्सिंग नियुक्तियों में हो रहे गंभीर भ्रष्टाचार को लेकर गहरा असंतोष व्यक्त किया।

वेतन विसंगति और लेटलतीफी पर नाराजगी
महासंघ के पदाधिकारियों ने जिला विद्यालय निरीक्षक को अवगत कराया कि जनपद के विभिन्न विद्यालयों और कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों को समय पर वेतन न मिलने से भारी आर्थिक तंगी का सामना करना पड़ रहा है। महासंघ ने पुरजोर मांग की है कि सभी नियमित शिक्षक और कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को अनिवार्य रूप से वेतन भुगतान सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही कर्मचारियों के वित्तीय लाभों को लेकर मांग की गई कि चालू जुलाई माह के भीतर ही सभी पात्र शिक्षक व कर्मचारियों के चयन वेतनमान और एसीपी (ACP) से जुड़े मामलों को तत्काल स्वीकृत किया जाए। कर्मचारियों ने आयकर रिटर्न के लिए जरूरी फॉर्म-16 को भी बिना किसी शुल्क के जल्द से जल्द उपलब्ध कराने की मांग दोहराई।
आउटसोर्सिंग में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली का बड़ा आरोप
ज्ञापन में सबसे गंभीर मुद्दा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के शोषण और विभाग में फैले कथित भ्रष्टाचार का उठाया गया है। महासंघ ने सीधे तौर पर आरोप लगाया है कि विद्यालयों में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की नियुक्ति और जॉइनिंग के लिए कार्यालय स्तर से जारी होने वाले आधिकारिक पत्रों के एवज में संबंधित पटल सहायकों द्वारा खुलेआम रुपयों की मांग की जा रही है। कर्मचारियों ने लिखित शपथ पत्र का हवाला देते हुए कहा कि नौकरी और जॉइनिंग लेटर के नाम पर अवैध वसूली का यह खेल सीधे तौर पर कर्मचारी आचरण नियमावली का खुला उल्लंघन है। महासंघ ने चेतावनी दी है कि इस भ्रष्टाचार पर तुरंत लगाम लगाई जाए और सभी आउटसोर्सिंग कर्मियों को हर महीने की 5 तारीख तक मानदेय का भुगतान हर हाल में सुनिश्चित किया जाए।
शीघ्र समाधान करने की मांग की 
महासंघ ने इन पांच सूत्रीय मांगों पर जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए समस्याओं के निस्तारण की मांग की है ।  ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्य रूप से संगठन के प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष उत्तम कुमार शुक्ला, मंडल सचिव/मंत्री उमेश कुमार त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष पुष्पक शुक्ला और जिला सचिव/मंत्री सुनील कुमार राठौर सहित शिक्षक और शिक्षणेत्तर कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default