कानपुर देहात - : रसूलाबाद खुले नाले में गिरकर डेढ़ साल की बच्चे की मौत हो गई। रविवार शाम घर के बाहर खेल रहा रियांश नाले में गिर गया। करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद उसका शव घर से कुछ दूरी पर खुले नाले में उतराता मिला। इस हादसे के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने खुले नाले को लेकर लंबे समय से शिकायत करने के बावजूद कार्रवाई न होने का आरोप लगाया है। वहीं घटना के बाद प्रशासन हरकत में आया और मुआवजा दिलाने का आश्वासन दिया गया।
जिम्मेदारों की लापरवाही ने ली मासूम की जान, बिलखते परिजन
रसूलाबाद कस्बे के विकास नगर निवासी राजू उर्फ अंकित का डेढ़ वर्षीय इकलौता बेटा रियांश रविवार शाम करीब छह बजे घर के बाहर खेल रहा था। उसकी मां बीनू देवी ने बताया कि उन्होंने बेटे को नहलाया था और कपड़े पहनाने के लिए घर के अंदर कपड़े लेने चली गईं। जब कुछ ही मिनट बाद बाहर लौटीं तो रियांश वहां नहीं था।
पहले परिवार ने सोचा कि बच्चा आसपास खेल रहा होगा, लेकिन काफी देर तक तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मोहल्ले के लोग भी खोजबीन में जुट गए। हर गली, हर घर और आसपास के इलाकों में तलाश होती रही, लेकिन मासूम का कहीं पता नहीं चला।
करीब डेढ़ घंटे बाद शाम लगभग साढ़े सात बजे घर से कुछ दूरी पर पड़ोसी के मकान के सामने खुले नाले में एक मासूम का शव उतराता दिखाई दिया। लोगों ने तुरंत उसे बाहर निकाला और परिजन उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रसूलाबाद पहुंचे।
मासूम के लिए काल बना नाला
सीएचसी में डॉक्टर सौरभ शाक्य ने जांच के बाद रियांश को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी अस्पताल पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर रसूलाबाद के एसडीएम अभिषेक कुमार भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया।

