कानपुर देहात। रनियां थाना पुलिस ने घर में घुसकर मारपीट और लूट की घटना का सफल खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए सोने-चांदी के आभूषण, 1.26 लाख रुपये नकद, मोबाइल फोन, आधार कार्ड तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। एक आरोपी के पास से अवैध तमंचा और कारतूस भी मिले हैं।
![]() |
| पुलिस की पकड़ में खड़े आरोपी |
पुलिस के अनुसार, 30 जुलाई 2026 को रनियां कस्बे के निवासी राजन उर्फ अखिलेश शंखवार ने तहरीर देकर बताया था कि 29/30 जुलाई की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस आए, मारपीट की और नकदी व जेवरात लूटकर फरार हो गए। इस मामले में थाना रनियां में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान गठित पुलिस टीम ने बुधवार को किशरवल रोड स्थित नारी खेत नहर पुल के पास से आस मोहम्मद उर्फ आलू (बदायूं), राजू शाह उर्फ लहीक (मुरादाबाद) और कयूम अली (बरेली) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से लूट के सोने-चांदी के जेवर, 1,26,000 रुपये नकद, आधार कार्ड, सात मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की। वहीं, कयूम अली के पास से एक अवैध 315 बोर तमंचा और तीन जिंदा कारतूस भी बरामद हुए, जिसके संबंध में आर्म्स एक्ट के तहत अलग मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उनकी मुलाकात अकबरपुर थाना क्षेत्र के मटियामऊ निवासी अमजद से हुई थी। अमजद ने रनियां कस्बे में एक ज्वैलर्स की दुकान में चोरी की योजना बनाई थी। घटना की रात आरोपी ज्वैलर्स की दुकान में प्रवेश नहीं कर सके, जिसके बाद उन्होंने पीछे स्थित एक मकान में घुसकर परिवार के साथ मारपीट की और जेवरात, नकदी, मोबाइल फोन तथा अन्य सामान लूट लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर अमजद को भी मामले में नामजद किया गया है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है।


