औरैया : प्रधानमंत्री व गृहमंत्री की AI जनरेटेड फर्जी तस्वीर पोस्ट करने वाला आरोपी गिरफ्तार

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

विशेष संवाददाता, औरैया : सोशल मीडिया पर भ्रामक और फर्जी तस्वीरें पोस्ट कर सामाजिक व राजनीतिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ औरैया पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। ऐरवाकटरा थाना पुलिस ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) द्वारा तैयार की गई देश के प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृहमंत्री की कूटरचित व आपत्तिजनक तस्वीर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के मामले में एक आरोपी को धर दबोचा है।

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रजनीश उर्फ नीशा के रूप में हुई है। आरोपी ने अपनी फेसबुक आईडी का इस्तेमाल कर देश के शीर्ष नेताओं की भ्रामक और फर्जी तस्वीरें पोस्ट की थीं। इन तस्वीरों के जरिए आम जनता को गुमराह करने और समाज में अशांति व राजनीतिक कटुता फैलाने का प्रयास किया जा रहा था।
BNS और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज
थानाध्यक्ष गंगा दास गौतम ने बताया कि इस गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356(2) और सूचना प्रौद्योगिकी (IT) एक्ट की धारा 67 के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी व वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की चेतावनी: सोशल मीडिया पर न फैलाएं अफवाह
औरैया पुलिस ने आम जनता और सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की है कि वे किसी भी भ्रामक, फर्जी या AI द्वारा जनरेटेड ऐसी सामग्री को शेयर न करें जिससे समाज का माहौल खराब हो। साइबर सेल की टीम लगातार सोशल मीडिया हैंडल्स पर नजर रख रही है और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)
To Top