शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में प्राप्त हुई थी शिकायत, उपजिलाधिकारी के आदेश पर तहसीलदार संतोष कुमार सिंह ने की ध्वस्तीकरण की कार्यवाही
:रिपोर्टर राज प्रताप सिंह गौर:
रसूलाबाद कानपुर देहात।
तहसील प्रशासन ने शनिवार को ग्राम समाज की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए कड़ी कार्रवाई की। तहसीलदार संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम जगम्मनपुर धीर की गाटा संख्या 689 पर चल रहे अवैध कब्जे और वहां बने निर्माणों को बुलडोजर से ध्वस्त कराकर भूमि खाली करवा दी। सूचना के अनुसार उक्त भूमि पर काफी समय से हनीफ अली, पप्पू साजिद और दिनेश द्वारा अवैध रूप से कब्जा किया गया था। तहसील प्रशासन द्वारा कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद कब्जा हटाया नहीं गया। शनिवार को आयोजित थाना समाधान दिवस में यह शिकायत आने के बाद उपजिलाधिकारी अभिषेक कुमार की उपस्थिति में तहसीलदार संतोष कुमार सिंह के निर्देश पर राजस्व व पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बुलडोजर की मदद से वहां मौजूद अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर ग्राम समाज की भूमि खाली कराई गई।
तहसीलदार संतोष कुमार सिंह ने कहा कि सरकारी व ग्राम समाज की जमीन किसी भी हालत में अतिक्रमण के लिए बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारी प्राथमिकता समाज के कमजोर वर्गों के हित और सार्वजनिक संपत्ति के संरक्षण को सुनिश्चित करना है। अवैध कब्जा करने वालों को कई बार नोटिस दिए गए बावजूद इसके यदि कानून का पालन नहीं किया गया तो प्रशासन को सख्ती बरतनी पड़ी। यह कार्रवाई कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है और भविष्य में भी ऐसी किसी भी अनुचित गतिविधि के विरुद्ध हमारी टीम तत्काल कार्रवाई करेगी।
उन्होंने सभी से अपील करते हुए कहा कि वे सरकारी और सामुदायिक संपत्तियों का संवेदनशीलता के साथ संरक्षण करें जो भी पक्ष कानून का उल्लंघन करेगा उसके खिलाफ निर्धारित प्रक्रिया के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।अतिक्रमण हटाओ टीम में कानूनगो राकेश कुमार, लेखपाल रविन्द्र कुमार व संबंधित पुलिस बल मौजूद थे।


