औरैया : फफूंद थाना क्षेत्र के अंतर्गत शनिवार की शाम 5 बजे अमेला गांव के पास रजवाहा फफूंद (बम्बा) में एक अज्ञात महिला का शव बहता हुआ दिखाई देने से इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों की सूचना पर फफूंद थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची लेकिन पानी का बहाव तेज होने के कारण शव आगे बह गया।
जानकारी के मुताबिक शव साम्हो की तरफ से बहकर आया था। फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम अमेला के पास रजवाहा फफूंद (बम्बा )में ग्रामीणों ने एक महिला के शव को पानी में बहते हुए देखा। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी तत्काल फफूंद थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार पुलिस टीम के साथ आनन-फानन में मौके पर पहुंचे, लेकिन उनके पहुंचने से पहले ही शव तेज बहाव के साथ पुलिया को पार कर आगे निकल चुका था।
पुलिस ने रजवाहा के आसपास के काफी बड़े इलाके में शव की तलाश करवाई लेकिन तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिल सकी। थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि रजवाहा में पानी का बहाव बहुत तेज है। शव के कहीं फंसने या रुकने की आशंका है। जैसे ही शव के कहीं रुकने की सूचना मिलती है उसे तुरंत बाहर निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास किए जाएंगे और आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने एहतियात के तौर पर आसपास के अन्य थानों को भी इस संबंध में सूचित कर दिया है।




