रूरा में बेखौफ चोरों का दिनदहाड़े धावा, पालीवाल नगर में बंद घर से लाखों की नकदी-जेवर उड़ाए
प्रशांत श्रीवास्तव रूरा कानपुर देहात
कस्बा रूरा के पालीवाल नगर में चोरों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सूने पड़े बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात समेटकर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। जानकारी के अनुसार पालीवाल नगर निवासी रिटायर्ड शिक्षक महेश तिवारी पत्नी मंजू तिवारी के साथ रहते हैं। करीब एक माह पूर्व वे अपनी बेटी प्रज्ञा के पास विशाखापटनम गए थे और वर्तमान में जगन्नाथ पुरी यात्रा पर हैं। उनके मकान के निचले हिस्से में गुटैया प्राथमिक विद्यालय की शिक्षिका एकता गुप्ता किराए पर रहती हैं।सोमवार सुबह शिक्षिका के स्कूल जाते ही घर पूरी तरह सूना हो गया। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और दूसरी मंजिल के कमरे की अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी व कीमती जेवरात पार कर दिए। दोपहर बाद स्कूल से लौटने पर मुख्य द्वार के अंदर का ताला टूटा देख शिक्षिका के होश उड़ गए। ऊपर कमरे में अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। शोर सुनकर पड़ोसी इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष सुधीर भारद्वाज फोर्स और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने फिंगर प्रिंट व अन्य साक्ष्य जुटाए। आसपास के CCTV कैमरों में कुछ संदिग्धों की आवाजाही कैद हुई है थानाध्यक्ष ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में कुछ संदिग्ध कैद हुए है जल्द ही चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


