औरैया में फफूंद-मुरादगंज मार्ग पर भीषण सड़क हादसा: बाइक की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, बाइक चालक गंभीर रूप से घायल

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

फफूंद (औरैया)। फफूंद-मुरादगंज मार्ग पर धर्मपुर गांव के सामने मंगलवार शाम करीब सात बजे एक तेज रफ्तार अपाचे बाइक ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में साइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, नवादा मामरेजपुर के निवासी रामवीर यादव (50) पुत्र कुंवर सिंह यादव मंगलवार शाम को अपनी साइकिल से गांव लौट रहे थे। जैसे ही वह धर्मपुर गांव के सामने पहुंचे, सामने से आ रही एक अपाचे बाइक ने उनकी साइकिल में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि रामवीर यादव और बाइक सवार दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। राहगीरो ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तुरंत सीएचसी दिबियापुर ले जाया गया। वहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद रामवीर यादव (50) को मृत घोषित कर दिया। वहीं, हादसे में घायल हुए बाइक सवार युवक की पहचान अकबरपुर डांडा निवासी सुधीर (24) पुत्र तहसीलदार सिंह के रूप में हुई है। सुधीर की हालत गंभीर बनी हुई है और अस्पताल में उनका इलाज जारी है।
परिवार का सहारा छिना, बेटा अग्निवीर में कर रहा ट्रेनिंग
ग्रामीणों ने बताया कि मृतक रामवीर यादव खेती-बाड़ी करने के साथ-साथ पिछले करीब 13 वर्षों से फफूंद कस्बे की एक ज्वेलर्स की दुकान पर काम करते थे। वह अपने परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य थे। उनके परिवार में एक बेटा और दो बेटियां हैं। मृतक का बेटा अभिषेक तीन महीने पहले ही भारतीय सेना के 'अग्निवीर' योजना में भर्ती हुआ है और वर्तमान में उसकी ट्रेनिंग चल रही है। रामवीर की अचानक मौत से हंसते-खेलते परिवार में मातम छा गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default