औरैया: फफूंद-अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास पिकअप लोडर ने बाइक को मारी टक्कर, हादसे में एलएलबी छात्र की दर्दनाक मौत, हेलमेट के उड़े परखच्चे, परिवार में कोहराम

सिराजुद्दीन (मुन्ना) पत्रकार
0

फफूंद (औरैया)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत फफूंद-अछल्दा मार्ग पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एलएलबी के छात्र की मौत हो गई। टीकमपुर गांव के पास तेज रफ्तार पिकअप लोडर ने छात्र की बाइक में इतनी जोरदार टक्कर मारी कि बाइक के साथ-साथ उसके हेलमेट के भी कई टुकड़े हो गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) दिबियापुर भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम भूरेपुर निवासी राघवेंद्र उर्फ छून्नू (22 वर्ष) पुत्र राजू उर्फ राजेंद्र शर्मा औरैया स्थित जीएस लॉ कॉलेज में एलएलबी का छात्र था। वह हर रोज की तरह बुधवार को भी अपनी बाइक से कॉलेज गया था। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह कॉलेज से वापस अपने गांव लौट रहा था, तभी अछल्दा मार्ग पर टीकमपुर गांव के पास सामने से आ रहे एक पिकअप लोडर के चालक ने तेजी और लापरवाही से चलाते हुए उसकी बाइक में सामने से सीधी टक्कर मार दी।
हेलमेट पहनने के बावजूद नहीं बची जान
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और छात्र के सिर पर लगा हेलमेट भी कई हिस्सों में टूटकर बिखर गया। दुर्घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने तत्काल एंबुलेंस की मदद से गंभीर रूप से घायल राघवेंद्र को सीएचसी दिबियापुर भेजा, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे छोटा था। जवान बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में प्रभारी थानाध्यक्ष देवेंद्र कुमार ने बताया, "हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची थी। घायल छात्र को तत्काल एम्बुलेंस की मदद से दिबियापुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना को अंजाम देने वाली पिकअप लोडर को कब्जे में लेकर थाने लाया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।"

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)
3/related/default